Saturday, November 21

रांची: राजधानी रांची के खेलगांव स्थित ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम में शनिवार को खेलो इंडिया अस्मिता वुशु स्टेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, होटवार में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन रांची विधायक सीपी सिंह और राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से करीब 600 खिलाड़ी, टीम पदाधिकारी और तकनीकी अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। टूर्नामेंट में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की महिला खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन कर रही हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य महिला खिलाड़ियों को बेहतर मंच देना और राज्य में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी ने कहा कि झारखंड खेल के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। खासकर महिला खिलाड़ी अपनी मेहनत और प्रदर्शन से राज्य का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी तैयारी, लगन और आत्मविश्वास के साथ खेलने की अपील की। वहीं, मुख्य अतिथि विधायक सीपी सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इच्छा है कि भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतें। स्वामी विवेकानंद के संदेश ‘उठो, जागो और तब तक नहीं रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सफलता निरंतर मेहनत, लगन और समर्पण से मिलती है।

कार्यक्रम के दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, ओरमांझी की छात्राओं ने बैंड प्रस्तुति दी। वहीं लोक कल्याण केंद्र की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। वुशु खिलाड़ियों ने भी अपने प्रदर्शन से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। उद्घाटन समारोह में डॉ. अभय सिंह, चंचल भट्टाचार्य, उदय साहू, प्रियदर्शी अमर, डॉ. रामशंकर सिंह, मिथिलेश साहू, संजय साहू, शैलेन्द्र दुबे, रत्नेश कुमार, गोपाल शर्मा, संजय जैन, दीपक गोप, उमा रानी पालित और पुष्पा शास्त्री सहित कई गणमान्य लोग और खेल पदाधिकारी मौजूद रहे। यह टूर्नामेंट 24 नवंबर 2026 को समापन समारोह के साथ संपन्न होगा।

Share.
Next Story
रांची के श्याम मंदिर में चांदन द्वादशी पर बाबा को चढ़ाया गया खीर-चूरमा का भोग, 600 भक्तों ने पाया प्रसाद
Exit mobile version