Saturday, November 21

-भूमि अधिग्रहण और सुरक्षा व्यवस्था की कमी से अटका है हवाई सेवा शुरू करने का काम, वित्त मंत्री ने डीसी-एसपी से निरीक्षण कराने का दिया आश्वासन

पलामू। मेदिनीनगर स्थित चियांकि हवाई अड्डे से हवाई सेवा शुरू कराने को लेकर पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने पहल तेज कर दी है. गुरुवार को उन्होंने झारखंड सरकार के परिवहन एवं नागरिक विमानन विभाग के निदेशक (ऑपरेशंस) से मुलाकात कर एयरपोर्ट के विकास और उड़ान शुरू करने से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की. साथ ही वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से मिलकर इस दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया.

सांसद ने बताया कि चियांकि एयरपोर्ट को केंद्र सरकार की उड़ान (आरसीएस) योजना के चरण 4.2 के तहत चयनित किया गया है. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इसे चैलेंज मोड फ्रेमवर्क श्रेणी में रखा है. केंद्र सरकार भूमि अधिग्रहण और एयरपोर्ट विस्तार का पूरा खर्च उठाने को तैयार है. इसके बावजूद राज्य सरकार की ओर से आवश्यक कदम नहीं उठाये जाने के कारण उड़ान सेवा शुरू नहीं हो पा रही है. भूमि अधिग्रहण और सुरक्षा व्यवस्था की प्रक्रिया भी लंबित है.

बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव

सांसद ने एयरपोर्ट की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि मुख्य प्रवेश द्वार और आसपास कहीं भी चियांकि एयरपोर्ट का बोर्ड नहीं लगा है. परिसर की सतह का पक्कीकरण नहीं हुआ है. दीवार क्षतिग्रस्त है और एयरपोर्ट का अनधिकृत इस्तेमाल हो रहा है. इन समस्याओं से वित्त मंत्री को भी अवगत कराया गया. वित्त मंत्री ने आश्वासन दिया कि पलामू डीसी और एसपी जल्द एयरपोर्ट का निरीक्षण कर कमियों को दूर करने के लिए कार्रवाई करेंगे.

सांसद ने कहा कि हवाई सेवा शुरू होने से पलामू और गढ़वा में व्यापार, पर्यटन, उद्योग, निवेश और रोजगार के नये अवसर पैदा होंगे. फिलहाल लोगों को हवाई यात्रा के लिए रांची, गया या वाराणसी जाना पड़ता है. नियमित उड़ान शुरू होने से क्षेत्र के औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी.

इसे भी पढ़ेंः विधायक भूषण बाड़ा प्रकरण में नामजद आरोपी दिलीप तिर्की गिरफ्तार, जोन्हा जंगल से पुलिस ने दबोचा

 

Share.
Next Story
जमशेदपुर में पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में जमकर मारपीट; नौ घायल
Exit mobile version