Friday, October 16

रांची। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा का असर रांची तक महसूस किया जा रहा है। रांची निवासी राम प्रसाद का बाढ़ के तीन दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिवार लगातार उनके सुरक्षित होने की उम्मीद लगाए बैठी है। घर में चिंता और मातम का माहौल है। राम प्रसाद की तलाश को लेकर झारखंड डिजिटल की टीम पहले दिन से लगातार प्रयास कर रही है। टीम नेपाल स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में है और उपलब्ध माध्यमों से राम प्रसाद के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है। परिवार को अब भी भरोसा है कि बचाव अभियान के दौरान उनके बारे में कोई राहत भरी खबर सामने आएगी।

भूस्खलन से बनीं दो नई झीलों ने बढ़ाई चिंता

इस बीच नेपाल-चीन सीमा के पास भूस्खलन के कारण दो नई झीलें बनने की खबर ने खतरे को और बढ़ा दिया है। विशेषज्ञों को आशंका है कि यदि इन झीलों का पानी अचानक बाहर निकलता है या झीलें फटती हैं, तो निचले इलाकों में दोबारा बड़े पैमाने पर बाढ़ और तबाही की स्थिति पैदा हो सकती है। प्रशासन संभावित खतरे को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है।

नेपाल और तिब्बत में 633 मौतें, हजारों अब भी लापता

इस प्राकृतिक आपदा की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नेपाल और तिब्बत में अब तक 633 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। वहीं करीब 2,500 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों में लगभग 320 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। उनके परिवार भी अपनों की सुरक्षित वापसी की खबर का इंतजार कर रहे हैं। इसके अलावा करीब 400 भारतीय नागरिकों के तिब्बत में फंसे होने की जानकारी है। उनकी सुरक्षित वापसी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। लगातार खराब मौसम, बाढ़ और भूस्खलन के कारण राहत और बचाव कार्य में चुनौतियां बनी हुई हैं।

हर परिवार को अपनों की वापसी का इंतजार

राम प्रसाद का परिवार भी इसी उम्मीद के सहारे दिन काट रहा है कि बचाव दल जल्द उनका पता लगा लेंगे। तीन दिन बीत जाने के बाद भी कोई ठोस जानकारी नहीं मिलने से परिवार की बेचैनी बढ़ती जा रही है। दूसरी ओर, बचाव एजेंसियां और स्थानीय प्रशासन लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। राम प्रसाद के परिवार की तरह नेपाल और तिब्बत में लापता सैकड़ों भारतीयों के परिजन भी एक ही उम्मीद लगाए बैठे हैं किसी भी पल फोन बजे और अपनों के सुरक्षित होने की खबर मिले। अब हर गुजरता घंटा परिवारों की चिंता बढ़ा रहा है, लेकिन उम्मीद अभी भी कायम है।

इसे भी पढ़े –  JHARKHAND DIGITAL EXCLUSIVE: नेपाल फ्लैश फ्लड में रांची का एक बेटा लापता

इसे भी पढ़े – Jharkhand Digital Impact: नेपाल में लापता रांची के राम प्रसाद की तलाश में आया नया अपडेट, इंडियन एम्बेसी ने लिया संज्ञान

इसे भी पढ़े – JHARKHAND DIGITAL EXCLUSIVE: नेपाल आर्मी ने शुरु की राम प्रसाद घोष की तलाश

 

Share.
Next Story
स्वास्थ्य मंत्री का हाई अलर्ट..जिलों के डीसी को एडवाइजरी जारी
Exit mobile version