Monday, September 21

रांची: झारखंड में पेयजल आपूर्ति से जुड़ी योजनाओं को बेहतर बनाने और उनके संचालन एवं रख-रखाव की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग अब शैक्षणिक संस्थानों के साथ मिलकर काम करेगा। इस दिशा में IIT (ISM) धनबाद, निर्मला कॉलेज रांची और रांची विश्वविद्यालय को विभाग का ‘नॉलेज पार्टनर’ बनाने की तैयारी है।

इसी सिलसिले में शुक्रवार को नेपाल हाउस स्थित पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यालय में सचिव अबु इमरान की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में तीनों संस्थानों के प्रोफेसरों के साथ विभागीय संचालन और रख-रखाव नीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सचिव अबु इमरान ने कहा कि अकादमिक संस्थानों के जुड़ने से पेयजल योजनाओं की गुणवत्ता बेहतर करने में मदद मिलेगी। साथ ही लोगों को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा सकेगा। विभाग जल्द ही तीनों संस्थानों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर करेगा।

लीकेज से लेकर जलापूर्ति योजनाओं की डिजाइन तक काम

नॉलेज पार्टनर के तौर पर जुड़ने वाले संस्थानों से तकनीकी सहयोग लिया जाएगा। पाइपलाइन में लीकेज का पता लगाने, जलापूर्ति योजनाओं की डिजाइन और संचालन एवं रख-रखाव यानी O&M से जुड़ी तकनीकी समस्याओं पर IIT और विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ विभाग को तकनीकी सलाह देंगे।

आयरन और फ्लोराइड की समस्या पर होगी रिसर्च

बैठक में झारखंड के कई जिलों में पानी की गुणवत्ता से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। खास तौर पर पानी में आयरन, फ्लोराइड और TDS की समस्या को लेकर संयुक्त रिसर्च किए जाने की योजना है।

इस रिसर्च के जरिए राज्य में जल गुणवत्ता से जुड़ी चुनौतियों को समझने और उनसे निपटने के लिए आगे की कार्ययोजना तैयार करने पर काम किया जाएगा।

धनबाद-झरिया के जल स्रोतों पर भी फोकस

खनन क्षेत्रों में जल स्रोतों पर पड़ रहे पर्यावरणीय प्रभाव को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। खास तौर पर धनबाद और झरिया जैसे क्षेत्रों में पर्यावरणीय क्षरण के कारण जल स्रोतों पर पड़ने वाले असर का अध्ययन किया जाएगा।

इसके साथ ही जल स्रोतों की दीर्घकालीन स्थिरता यानी Sustainability को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार करने पर भी काम होगा।

पेयजल एवं स्वच्छता विभाग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच प्रस्तावित यह सहयोग तकनीकी विशेषज्ञता, जल गुणवत्ता और पर्यावरणीय स्थिरता से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित रहेगा।

इसे भी पढ़े – पलामू में सैप सूबेदार ने सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली, डागरा पुलिस पिकेट में मचा हड़कंप

Share.

Sanjana Kumari is a media professional, content writer, and voiceover artist with experience since 2023. She has expertise in digital media, social media, news writing, editing, and content management. Currently, she works as an Input In-Charge at Jharkhand Digital, handling news inputs and digital content. She is proficient in writing and articulating articles and voiceovers in both Hindi and English.

Next Story
DUSU चुनाव 2026: पांचवें राउंड के बाद अध्यक्ष और सचिव पद पर ABVP की बढ़त
Exit mobile version