दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026 की मतगणना जारी है और ABVP व NSUI के बीच कांटे की टक्कर है। पांचवें राउंड के बाद अध्यक्ष पद पर ABVP के यश डबास ने NSUI के विजय शंकर मीणा को पीछे छोड़ दिया है। सचिव पद पर ABVP की रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पद पर ABVP के लक्ष्य राज सिंह आगे चल रहे हैं।
उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय की बढ़त
उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ABVP के ईशु मौर्य से करीब 3 हजार वोटों से आगे हैं और उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही है। तीसरे राउंड में उनकी बढ़त करीब 2000 वोटों की थी।
राउंड दर राउंड बदलता रुझान
पहले राउंड में ABVP अध्यक्ष और सचिव पद पर आगे थी, जबकि उपाध्यक्ष और संयुक्त सचिव पर निर्दलीय उम्मीदवार बढ़त पर थे। तीसरे राउंड में तस्वीर पलटी और मीणा ने डबास को 400 से ज्यादा वोटों से पछाड़ दिया। चौथे राउंड के बाद भी उनकी बढ़त बनी रही, लेकिन पांचवें राउंड में डबास ने वापसी कर ली।
20 उम्मीदवार मैदान में
चार केंद्रीय पदों के लिए कुल 20 उम्मीदवार थे। अध्यक्ष पद के लिए 7, उपाध्यक्ष के लिए 5, जबकि सचिव और संयुक्त सचिव के लिए 4-4 उम्मीदवार थे। मुख्य मुकाबला ABVP, NSUI और AISA-SFI गठबंधन के बीच है। AISA-SFI की ओर से अध्यक्ष पद पर अनन्या रतूड़ी मैदान में हैं।
रिकॉर्ड मतदान
शुक्रवार को हुए मतदान में 40.46 प्रतिशत वोट पड़े, जो पिछले तीन वर्षों में सबसे ज्यादा है। 2025 में यह आंकड़ा 39.5 प्रतिशत था। मतदान 52 केंद्रों पर दो चरणों में हुआ।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मतगणना नॉर्थ कैंपस के यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स स्टेडियम के मल्टीपर्पज हॉल में हो रही है। मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. राजेश सिंह के अनुसार दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चारों केंद्रीय पदों के नतीजे आज घोषित होने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़े – पंजाब में 22 सितंबर को लगेगा ‘iPhone लंगर’, “जय माता दी लिखो और iPhone पाओ”
