जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपनी जिंदगी की नई शुरुआत की है। 56 साल की उम्र में उन्होंने पत्रकार निधि राजदान से दूसरी शादी कर ली है। 49 वर्षीय निधि राजदान के साथ शादी की तस्वीरें उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कीं। तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा, ‘कल एक नई यात्रा की शुरुआत हुई।’ निधि राजदान ने भी तस्वीरें साझा करते हुए अपने अंदाज में खुशी जाहिर की।


मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों की शादी शुक्रवार, 30 अक्टूबर को दिल्ली में स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत हुई। इस समारोह में दोनों परिवारों के सदस्य और करीबी रिश्तेदार शामिल हुए। उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान, दोनों के लिए यह दूसरी शादी है।
1994 में पायल नाथ से हुई थी उमर अब्दुल्ला की पहली शादी
उमर अब्दुल्ला ने वर्ष 1994 में पायल नाथ से शादी की थी। दोनों के दो बेटे हैं, जिनके नाम जहीर और जमीर अब्दुल्ला हैं। लंबे समय से दोनों अलग रह रहे थे। इस वैवाहिक विवाद का निपटारा इसी साल हुआ। 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने आपसी सहमति से दोनों का विवाह समाप्त करने का आदेश दिया। इसके बाद उमर अब्दुल्ला ने निधि राजदान के साथ अपने जीवन का नया अध्याय शुरू किया है।
कौन हैं निधि राजदान?
निधि राजदान भारतीय पत्रकारिता का जाना-पहचाना चेहरा हैं। वह लंबे समय तक NDTV से जुड़ी रहीं और समाचार एंकर के साथ-साथ कार्यकारी संपादक की जिम्मेदारी भी संभाली। दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से स्नातक करने के बाद उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पत्रकारिता की पढ़ाई की।
करीब 21 साल तक एनडीटीवी में काम करने के बाद उन्होंने वर्ष 2020 में संस्थान छोड़ दिया था। उस समय उन्होंने हार्वर्ड विश्वविद्यालय में अध्यापन का प्रस्ताव मिलने की जानकारी दी थी। हालांकि, कुछ महीनों बाद उन्होंने खुलासा किया कि वह एक साइबर धोखाधड़ी का शिकार हुई थीं। इस मामले को लेकर उस समय काफी चर्चा हुई थी।
अब उमर अब्दुल्ला के साथ शादी की घोषणा के बाद निधि राजदान एक बार फिर चर्चा में हैं। दोनों ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर अपने नए जीवन की शुरुआत की जानकारी दी है।


