पलामू के हैदरनगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने मोबाइल पर भेजी गई APK फाइल के जरिए एक युवक का मोबाइल हैक कर उसके बैंक खाते से 88,955 रुपए की अवैध निकासी कर ली। पीड़ित की पहचान मेन रोड, हैदरनगर निवासी राज कुमार गुप्ता के रूप में हुई है।
अनजान मैसेज में आई APK फाइल, क्लिक करते ही हैक हुआ फोन
पीड़ित राज कुमार गुप्ता के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया था, जिसके साथ एक APK फाइल अटैच थी। जैसे ही उन्होंने उस फाइल पर क्लिक किया, उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद उनके व्हाट्सएप समेत अन्य ऐप्स पर भी किसी दूसरे व्यक्ति का नियंत्रण हो गया।
तीन बार में खाते से निकाले 88,955 रुपए
मोबाइल हैक होने के बाद साइबर अपराधियों ने उनके केनरा बैंक खाते का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल किया। बिना अनुमति के तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से कुल 88,955 रुपए की निकासी कर ली गई। पीड़ित के अनुसार, पहली बार 19,955 रुपए, दूसरी बार 30,000 रुपए और तीसरी बार 39,000 रुपए निकाले गए।
पीड़ित ने थाने पहुंच दर्ज कराई शिकायत
घटना की जानकारी होने के बाद राज कुमार गुप्ता शिकायत लेकर हैदरनगर थाना पहुंचे। वहां पुलिस ने मामला साइबर अपराध से जुड़ा होने की बात कहते हुए साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराने को कहा। इसके बाद पीड़ित ने मामले की जांच, ठगी की राशि वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की अपील: अनजान लिंक-फाइल से रहें सतर्क
पुलिस के अनुसार, मामला साइबर फ्रॉड से जुड़ा है और इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, APK फाइल या लॉटरी से संबंधित मैसेज पर क्लिक न करें। इस तरह की साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या नजदीकी थाना से संपर्क करें।
इसे भी पढ़े: रांची: बिरसा चौक में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान बवाल, महिलाओं पर लाठीचार्ज
