Saturday, November 21

ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने रांची-आनंद विहार और चर्लपल्ली-बरौनी के बीच विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। धनबाद से दिल्ली और ऋषिकेश के लिए भी स्पेशल ट्रेनें चलेंगी।

रांची/डेस्क: छठ पर्व खत्म होने के बाद दूसरे राज्यों में काम और पढ़ाई के लिए लौटने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। इसे देखते हुए रेलवे ने कई रूटों पर स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इससे झारखंड से दिल्ली जाने और दूसरे राज्यों से लौटने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

रांची से आनंद विहार के बीच स्पेशल ट्रेन

रेलवे ट्रेन संख्या 08077/08078 रांची और आनंद विहार के बीच दोनों तरफ एक-एक ट्रिप चलाएगा।

रांची से ट्रेन 17 नवंबर को दोपहर 12:37 बजे रवाना हुई। रास्ते में यह लोहरदगा, टोरी, डालटनगंज और गढ़वा रोड समेत कई स्टेशनों पर रुकेगी। डालटनगंज में ट्रेन शाम 4:38 से 4:40 बजे और गढ़वा रोड में शाम 6 बजे पहुंचेगी। अगले दिन दोपहर 3 बजे यह आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन 08078, 18 नवंबर को शाम 6:05 बजे आनंद विहार से खुलेगी। यह गोविंदपुरी, चुनार, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, टोरी और लोहरदगा होते हुए गुरुवार शाम 7:30 बजे रांची पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे।

चर्लपल्ली-बरौनी के बीच चलेगी अमृत भारत स्पेशल

रेलवे ने चर्लपल्ली और बरौनी के बीच भी अमृत भारत स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन एक-एक ट्रिप दोनों दिशाओं में चलेगी।

07561 चर्लपल्ली-बरौनी: 20 नवंबर को दोपहर 2 बजे चर्लपल्ली से खुलेगी। धनबाद होते हुए 22 नवंबर की रात 2:15 बजे बरौनी पहुंचेगी।

07562 बरौनी-चर्लपल्ली: 22 नवंबर को रात 3 बजे बरौनी से खुलेगी और धनबाद के रास्ते 23 नवंबर की शाम 7 बजे चर्लपल्ली पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे। इनमें जनरल और स्लीपर कोच शामिल हैं। स्लीपर श्रेणी के आरक्षित टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई है। इस ट्रेन का रूट: चर्लपल्ली, काजीपेट, गोंदिया, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, झारसुगुड़ा, राउरकेला, हटिया, रांची, मुरी, बोकारो स्टील सिटी, धनबाद, चितरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, किउल और बरौनी।

धनबाद से दिल्ली और ऋषिकेश के लिए भी ट्रेनें

धनबाद और आसपास के यात्रियों के लिए भी रेलवे ने स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। इनकी तारीख इस प्रकार है:

  • 20 नवंबर: 03639 धनबाद-शकूरबस्ती स्पेशल।

  • 21 और 28 नवंबर: 03309 धनबाद-दिल्ली स्पेशल।

  • 22 नवंबर: 04311 कोलकाता-ऋषिकेश स्पेशल।

  • 23 और 30 नवंबर: 03009 हावड़ा-आनंद विहार स्पेशल।

इन ट्रेनों के चलने से छठ के बाद यात्रा करने वाले लोगों को अतिरिक्त ट्रेनें मिलेंगी और भीड़ के बीच सफर का एक और विकल्प उपलब्ध होगा।

Share.
Next Story
सिमडेगा विधायक की मुश्किलें बढ़ीं…आयोग का तेवर तल्ख, मुख्य सचिव समेत तीन पदाधिकारियों से मांगा जवाब
Exit mobile version