रांची। बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी), मेसरा परिसर में अब पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सुविधा विकसित की जाएगी। इसके लिए बीआईटी मेसरा और गेल (इंडिया) लिमिटेड के बीच समझौता हुआ है। इस पहल को संस्थान में स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
समझौते के तहत गेल की ओर से बीआईटी मेसरा परिसर में घरेलू और व्यावसायिक उपयोग के लिए PNG पाइपलाइन नेटवर्क तैयार किया जाएगा। इसके माध्यम से संस्थान के आवासीय क्वार्टरों, हॉस्टलों, मैस और कैंटीनों में स्वच्छ, सुरक्षित और अधिक कुशल ईंधन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
गैस आधारित अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
यह परियोजना भारत सरकार के गैस आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के विजन के अनुरूप है। PNG के इस्तेमाल से पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम करने और परिसर में स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने में मदद मिलने की उम्मीद है।
समझौते के हस्ताक्षर कार्यक्रम में बीआईटी मेसरा के कुलपति प्रो. इंद्रनील मन्ना, कुलसचिव डॉ. राजेश जैन, संस्थान के डीन सहित गेल (इंडिया) लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक पंचानन हलदर, महाप्रबंधक निखिल कुमार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बीआईटी मेसरा के कुलसचिव डॉ. राजेश जैन ने कहा कि गेल के साथ यह साझेदारी संस्थान की स्वच्छ ऊर्जा और टिकाऊ विकास की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि इससे ऊर्जा के बेहतर प्रबंधन के साथ-साथ छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक ऊर्जा व्यवस्था विकसित करने में मदद मिलेगी।
बीआईटी मेसरा परिसर में PNG नेटवर्क की स्थापना को सस्टेनेबल कैंपस डेवलपमेंट और जिम्मेदार संसाधन प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
इसे भी पढ़े – छात्रों के आंदोलन से घबराई सरकार? मुख्यमंत्री आवास की बैरिकेडिंग पर शोभा यादव ने उठाए सवाल
