जमुई। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के मामले में जमुई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वायरल वीडियो में एक नाबालिग छात्रा और उसके मित्र के साथ छेड़खानी और अभद्र व्यवहार किए जाने की बात सामने आई थी। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू की।
SIT गठित कर शुरू की गई छापेमारी
मामले में जमुई थाना कांड संख्या 428/26, दिनांक 21 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 76 और 3(5) के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 8/12 के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक जमुई विश्वजीत दयाल के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दीप्ति मोनाली के नेतृत्व में विशेष जांच टीम यानी SIT का गठन किया गया है। टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
वायरल वीडियो से आरोपियों की पहचान
पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई है। इसके बाद कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी है।
पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वीडियो हटाने की भी कार्रवाई
पुलिस की ओर से सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए वीडियो को टेकडाउन कराने की कार्रवाई भी शुरू की जा रही है। पुलिस ने संवेदनशील मामले को देखते हुए वीडियो को आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की है।
[Video link: https://www.facebook.com/share/v/1FM1VL4FZw/]
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और मामले से जुड़े अन्य लोगों की पहचान व गिरफ्तारी की कार्रवाई में जुटी है।
इसे भी पढ़े – निखार सबलोक ह’त्याकांड में ‘मीडिया कनेक्शन’! सोनारी के एक न्यूज ऑफिस में एसआईटी ने ली डेढ़ घंटे तक तलाशी
