Saturday, November 21

-पांच दिवसीय एमडीपी शुरू, समय पर परियोजना पूरी करने, वित्तीय प्रबंधन और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल पर रहेगा जोर

रांची। बिजली उत्पादन और आधारभूत संरचना से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने, वित्तीय प्रबंधन को प्रभावी बनाने और अधिकारियों में बेहतर नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से आईआईएम रांची ने विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) और एनटीपीसी लिमिटेड के अधिकारियों के लिए पांच दिवसीय मैनेजमेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम (एमडीपी) का आयोजन किया जा रहा है। ‘प्रोजेक्ट मैनेजमेंट एंड एग्जीक्यूशन एक्सीलेंस’ विषय पर आधारित इस कार्यक्रम में देशभर के एनटीपीसी और पीवीयूएनएल कार्यालयों से 31 से अधिक अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को परियोजनाओं की योजना बनाने से लेकर उनके सफल क्रियान्वयन तक के विभिन्न प्रबंधकीय और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी जायेगी। कार्यक्रम का उद्घाटन पीवीयूएनएल के सीईओ अशोक कुमार सहगल ने किया। इस अवसर पर पीवीयूएनएल के महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट्स) अनुपम मुखर्जी, आईआईएम रांची के प्रोग्राम डायरेक्टर प्रो अंशुमन हजारिका, एग्जीक्यूटिव एजुकेशन एंड कंसल्टिंग के चेयरपर्सन प्रो मनीष बंसल और पीवीयूएनएल के मानव संसाधन प्रमुख जियाउर रहमान उपस्थित थे।

एआई आधारित प्रोजेक्ट मैनेजमेंट की भी मिलेगी जानकारी

कार्यक्रम के तहत अधिकारियों को नयी परियोजनाओं की संरचना तैयार करने, वित्तीय प्रबंधन, कॉन्ट्रैक्ट क्लोजर, सार्वजनिक क्षेत्र में निर्णय लेने की प्रक्रिया, परियोजना अनुपालन और उन्नत संविदा मॉडल की जानकारी दी जायेगी। इसके अलावा डिजिटल तकनीकों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित प्रोजेक्ट मैनेजमेंट के व्यावहारिक इस्तेमाल पर भी विशेष सत्र होंगे। प्रशिक्षण को केवल कक्षा तक सीमित नहीं रखा गया है. इसमें बोर्डरूम गतिविधियों, उद्योग जगत के विशेषज्ञों के साथ संवाद और अनुभव आधारित शिक्षण को भी शामिल किया गया है।

बेहतर प्रोजेक्ट लीडर तैयार करना उद्देश्य

पीवीयूएनएल के सीईओ अशोक कुमार सहगल ने कहा कि परियोजनाओं के तकनीकी, वित्तीय और संविदागत पहलुओं की जानकारी अक्सर अधिकारी काम के दौरान हासिल करते हैं। यह प्रशिक्षण उनके अनुभव और कौशल को और बेहतर बनायेगा तथा सक्षम प्रोजेक्ट लीडर तैयार करने में मदद करेगा। उन्होंने परियोजनाओं को समय पर पूरा करने, प्रभावी वित्तीय योजना, संबंधित पक्षों के साथ समन्वय और आपसी तालमेल से समस्याओं के समाधान पर जोर दिया। वहीं, अनुपम मुखर्जी ने अधिकारियों में मजबूत प्रोजेक्ट माइंडसेट विकसित करने की आवश्यकता बतायी। प्रो मनीष बंसल ने कहा कि व्यावहारिक अनुभव के माध्यम से सीखना पेशेवर दक्षता बढ़ाने का प्रभावी तरीका है। प्रो अंशुमन हजारिका ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सामूहिक निर्णय प्रक्रिया को जरूरी बताया। उन्होंने अधिकारियों से ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे बदलावों और विभिन्न उद्योगों के अनुभवों से सीखने का आह्वान किया, ताकि बिजली क्षेत्र की जटिल चुनौतियों का प्रभावी समाधान निकाला जा सके।

इसे भी पढ़ेंः JPSC-JSSC परीक्षा में देरी और मजदूरों की मौत पर आजसू ने सरकार को घेरा

Share.
Next Story
बंद घर में मिला युवक का 10-12 दिन पुराना शव, हत्या या आत्महत्या दोनों एंगल से पुलिस कर रही है जांच
Exit mobile version