रांची। जेएलकेएम के केंद्रीय उपाध्यक्ष और छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रांची के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लंबे समय से चल रहे छात्र आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और राज्य के 24 जिलों में की गई शिक्षा सुधार यात्रा के बाद उनकी सेहत पर असर पड़ा है।
जानकारी के अनुसार
जानकारी के अनुसार, देवेंद्रनाथ महतो को तेज बुखार, लगातार दस्त/डिसेंट्री, उल्टी और पूरे शरीर में दर्द की शिकायत है। इसके बाद उन्हें तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनकी आवश्यक जांच और उपचार किया जा रहा है। लगातार चल रही यात्राओं, आंदोलनों और सार्वजनिक कार्यक्रमों की वजह से उनकी सेहत पर दबाव बढ़ने की बात सामने आ रही है।
अस्पताल में भर्ती देवेंद्रनाथ महतो ने अपने साथियों, छात्रों, अभ्यर्थियों, अभिभावकों और शुभचिंतकों से चिंता न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वे जल्द स्वस्थ होकर वापस लौटेंगे और इसके लिए सभी से आशीर्वाद व शुभकामनाएं बनाए रखने का आग्रह किया।
छात्रों और युवाओं के अधिकार के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा
अपने बयान में उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों और युवाओं के अधिकार, निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था और झारखंड के भविष्य के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा। उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आते ही समर्थकों और छात्रों में चिंता की लहर दौड़ गई। कई छात्र संगठनों और शुभचिंतकों ने सोशल मीडिया पर उनके स्वास्थ्य के लिए दुआएं मांगनी शुरू कर दी हैं।
