ज्वेलरी शॉप से मॉल तक सुरक्षा व्यवस्था की जांच, सीसीटीवी कैमरों और पुलिस गश्ती का लिया जायजा
धनबाद: धनतेरस और दीपावली को देखते हुए धनबाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रमुख बाजारों, मॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है।
एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर मंगलवार को डीएसपी विधि व्यवस्था प्रकाश सोय ने बैंक मोड़, पुराना बाजार और सरायढेला इलाके में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही ज्वेलरी शॉप, मॉल और इलेक्ट्रॉनिक दुकानों का निरीक्षण कर वहां लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरक्षा इंतजामों की जांच की।
डीएसपी ने थाना प्रभारियों को दीपावली तक विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने बाजारों में नियमित गश्त करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
