Thursday, October 15

रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। शनिवार को टीम तुलसी पटेल ने अपने 32 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर चुनावी मैदान में अपनी स्थिति साफ कर दी। होटल बीएनआर चाणक्य में आयोजित प्रेस वार्ता में टीम की ओर से चैंबर सदस्यों से समर्थन की अपील की गई। इस दौरान टीम ने व्यापार और उद्योग से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी प्राथमिकताएं भी सामने रखीं।

टीम का नेतृत्व कर रहे तुलसी पटेल ने कहा कि झारखंड में व्यापारियों के सामने कई तरह की समस्याएं हैं और उनकी टीम इन समस्याओं के समाधान के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि राज्यस्तरीय समस्याओं के साथ-साथ नगर निगम से जुड़ी परेशानियों के समाधान की दिशा में भी पहल की जाएगी।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति चिंताजनक है, जिस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इसके अलावा कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए भी संबंधित स्तर पर प्रयास किया जाएगा।

निवेश बढ़ाने और सिंगल विंडो सिस्टम को प्रभावी बनाने पर जोर

तुलसी पटेल ने कहा कि झारखंड में अधिक से अधिक निवेश आए, इसके लिए सिंगल विंडो सिस्टम को प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उद्योग नीति को सरल बनाने की दिशा में भी पहल की जाएगी, ताकि राज्य में कारोबार और उद्योग के लिए बेहतर माहौल तैयार हो सके।

पूर्व अध्यक्षों ने जताया टीम पर भरोसा

पूर्व अध्यक्ष मनोज नरेडी ने कहा कि टीम तुलसी पटेल में चैंबर को आगे बढ़ाने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि टीम के सदस्य सरकार के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करेंगे। उनके अनुसार चैंबर का नेतृत्व ऐसा होना चाहिए, जो सरकार और व्यापारियों के बीच सेतु का काम कर सके।

पूर्व अध्यक्ष रंजीत गाड़ोदिया ने कहा कि इस बार भी चैंबर को एक मजबूत टीम देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टीम तुलसी पटेल के सदस्य चैंबर को आगे ले जाने में सक्षम हैं और उन्हें कई पूर्व अध्यक्षों का समर्थन प्राप्त है।

वहीं, पूर्व अध्यक्ष परेश गट्टानी ने कहा कि टीम तुलसी पटेल को चैंबर सदस्यों का समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की इच्छा है कि इस बार टीम तुलसी चैंबर का नेतृत्व करे।

टीम तुलसी पटेल के 32 प्रत्याशी

टीम की ओर से घोषित प्रत्याशियों में तुलसी पटेल, अमित शर्मा, अनिल अग्रवाल, अरुण भरतीया, आदित्य शाह, ज्योति कुमारी, मनीष सराफ, मोनिका गोयनका, नवीन जैन, नवजोत अलंग, प्रकाश कुमार अग्रवाल समोता, पूजा ढाढा, राहुल साबू, राम बांगड़, रोहित अग्रवाल, रोहित पोद्दार, साहित्य पवन, शैलेश अग्रवाल, संजय अखौरी, तनप्रिंस सिंह कोहली, विकास मोदी, विकास विजयवर्गीय, विनीता सिंघानिया, नवल जीत गांधी, गौरव अग्रवाल, रौनक जैन, विनीत गाड़ोदिया, मनमोहन मोहता, उत्सव परासर, गौतम शाही और अतुल अग्रवाल शामिल हैं।

32 प्रत्याशियों के नाम सामने आने के साथ ही चैंबर चुनाव का मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि व्यापारी और उद्योग जगत किस टीम पर अपना भरोसा जताता है और चैंबर की कमान किसके हाथ आती है।

इसे भी पढ़े – JSSC CGL के मास्टर माइंड मिथलेश की तलाश तेज

Share.
Next Story
MMDR विधेयक को लेकर केंद्र-राज्य आमने-सामने
Exit mobile version