नई दिल्ली। अरंडी का तेल यानी (Castor Oil) बाल और त्वचा के लिए किसी वरदान से काम नहीं है। लेकिन क्या आप जानते है यह तेल बनता है कैसे ? बता दे अरंडी का तेल अरंडी के बीजों से निकाला जाता है और अपने गाढ़े व हल्के पीले रंग के लिए जाना जाता है। सदियों से यह तेल घरेलू नुस्खों और पारंपरिक देखभाल का अहम हिस्सा रहा है। यह न सिर्फ बालों बल्कि त्वचा की देखभाल में भी बेहद कारगर माना जाता है। हालांकि इसके इस्तेमाल में सावधानी बरतना भी उतना ही जरूरी है।
बालों को बनाए मुलायम और चमकदार
बालों की देखभाल के लिए अरंडी का तेल काफी लोकप्रिय है। इसमें मौजूद फैटी एसिड बालों को मुलायम बनाने के साथ-साथ स्कैल्प को नमी भी प्रदान करते हैं। नियमित रूप से हल्की मात्रा में इसे बालों में लगाने से चमक बढ़ती है। चूंकि यह तेल काफी गाढ़ा होता है, इसलिए इसे नारियल या बादाम के तेल के साथ मिलाकर मसाज करना ज्यादा फायदेमंद रहता है।
रूखी त्वचा को दे नमी
रूखी त्वचा से परेशान लोगों के लिए भी यह तेल एक अच्छा विकल्प साबित होता है। इसमें मौजूद रिसिनोलिक एसिड त्वचा को मॉइश्चराइज करने में मदद करता है। खासकर सर्दियों के मौसम में शरीर के रूखे हिस्सों पर थोड़ी मात्रा में इसे लगाने से त्वचा को तुरंत नमी मिलती है।
फटी एड़ियों की समस्या का घरेलू समाधान
फटी एड़ियों के लिए भी अरंडी का तेल एक बेहतरीन घरेलू उपाय माना जाता है। रात को पैर साफ करने के बाद हल्के हाथों से इसकी मालिश करने पर आराम मिलता है। इसके बाद मोजे पहन लेने से तेल लंबे समय तक एड़ियों पर बना रहता है, जिससे फटी एड़ियां ठीक होने में मदद मिलती है।
इस्तेमाल से पहले बरतें ये सावधानियां
हालांकि अरंडी का तेल प्राकृतिक है, फिर भी यह हर किसी की त्वचा के लिए पूरी तरह सुरक्षित नहीं होता। इस्तेमाल से पहले त्वचा पर पैच टेस्ट जरूर करें ताकि यह पता चल सके कि यह आपकी त्वचा के अनुकूल है या नहीं। साथ ही इसे आंखों या शरीर के संवेदनशील हिस्सों से दूर रखें। सही मात्रा और सही तरीके से इस्तेमाल करने पर ही यह तेल पूरी तरह लाभकारी साबित होता है।
