रांची: राजधानी रांची में बुजुर्ग महिलाओं को धार्मिक बातों में उलझाकर ठगी करने का एक और मामला सामने आया है। इस बार सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में ठग ने 62 वर्षीय महिला को हनुमान जी के दर्शन कराने का झांसा दिया और करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने सुखदेव नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
घटना 3 सितंबर की सुबह करीब 9 बजे वाल्मीकि नगर इलाके की बताई जा रही है। पीड़िता रेणु कुशवाहा, जो एक दिवंगत जेल अधीक्षक की पत्नी हैं, मंदिर में पूजा करने के बाद अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान वाल्मीकि नगर के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया।
खुद को बताया अयोध्या का पंडित
पीड़िता के मुताबिक, व्यक्ति ने खुद को अयोध्या का पंडित बताया और धार्मिक बातचीत के जरिए उनका भरोसा जीतने की कोशिश की। बातचीत के दौरान उसने महिला से कहा कि वह उनके पहने हुए गहनों पर मंत्र पढ़कर उन्हें सुरक्षित कर सकता है।
इसके बाद आरोपी ने महिला से गले की सोने की चेन और हाथ का कंगन उतारने को कहा। उसने कथित तौर पर भरोसा दिलाया कि मंत्र पढ़ने के बाद वह सारे गहने वापस कर देगा। उसकी बातों में आकर महिला ने अपने गहने उसे दे दिए।
10 कदम आगे भेजा और फिर गायब हो गया आरोपी
गहने हाथ में आने के बाद आरोपी ने महिला से कहा कि वह 10 कदम आगे जाकर वापस आएं। उसने दावा किया कि वापस लौटने पर वह उन्हें हनुमान जी के दर्शन कराएगा।
महिला उसके कहे अनुसार आगे गईं और वापस लौटीं, लेकिन तब तक आरोपी वहां से गहने लेकर फरार हो चुका था। काफी देर तक इंतजार करने के बाद जब आरोपी वापस नहीं आया तो महिला को समझ में आया कि वह ठगी का शिकार हो चुकी हैं।
करीब 20 लाख के बताए जा रहे गहने
पीड़िता की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, ठगे गए आभूषणों में करीब 50 ग्राम वजन की चार सोने की चूड़ियां, दो सोने की अंगूठियां, लगभग 10 ग्राम की सोने की चेन और एक सोने का लॉकेट शामिल है।
पीड़िता ने इन सभी आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की शिकायत मिलने के बाद सुखदेव नगर थाना पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। थाना प्रभारी सुनील कुशवाहा के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपी के आने और घटना के बाद वहां से निकलने वाले रास्ते की भी जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान करने के साथ उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
इसे भी पढ़े – अब टाइगर मोबाइल की हर पेट्रोलिंग होगी ट्रैक, रांची पुलिस ने तैयार किया नया एक्शन प्लान
