खूंटी महिला थाना में पीड़िताओं के बयान पर दर्ज हुई प्राथमिकी, दोनों आरोपी मारंगहादा थाना क्षेत्र के रहने वाले
खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले में तीन नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, कुछ युवक तीनों लड़कियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे। आरोप है कि रात में उन्हें अलग-अलग जगहों पर ले जाकर उनके साथ जबरदस्ती की गई।
एक सप्ताह पहले हुई थी पहचान, फिर बनाया भरोसे का फायदा उठाने का प्लान
प्राथमिकी के अनुसार, पीड़ित बच्चियों की पहचान करीब एक सप्ताह पहले एक युवक से हुई थी। सोमवार को उसी युवक ने तीनों नाबालिग बच्चियों को घुमाने और घर छोड़ने का झांसा दिया। इसके बाद स्कूटी और बाइक से उन्हें मुरहू क्षेत्र से मारंगहादा इलाके की ओर ले जाया गया। इनमें दो सगी बहनें मुरहू थाना क्षेत्र की रहने वाली थीं, जबकि तीसरी बच्ची सायको क्षेत्र की निवासी थी।
तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में, चौथे की तलाश में छापेमारी
परिजनों की शिकायत पर महिला थाना में पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों गोपाल मुंडा उर्फ राहुल मुंडा (19), मनीष लोहरा और मनसा टुटी को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपी बालिग बताए गए हैं। वहीं, चौथा आरोपी प्रभु सहाय (26) अब भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
महिला थाना सह एएचटीयू थाना प्रभारी निशा कुमारी ने तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।खूँटी डीएसपी मंगल सिंह जामुदा ने भी बताया कि घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस पीड़ित बच्चियों की मेडिकल जांच समेत अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
POCSO Act के तहत मामला दर्ज
इस मामले में मंगलवार को खूंटी महिला थाना में पीड़िताओं के बयान के आधार पर पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
