सुल्तानपुर/बल्दीराय: पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। बल्दीराय क्षेत्र में सुखबड़ेरी के पास माइलस्टोन 97.5 के नजदीक तेज रफ्तार अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। एक्सप्रेस-वे से गुजर रहे राहगीरों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद कार का गेट तोड़कर घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को एंबुलेंस से अयोध्या मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।
लखनऊ से देवरिया लौट रहे थे
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों समेत सभी लोग लखनऊ से देवरिया लौट रहे थे।
रास्ते में अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उसमें बैठे लोगों को बाहर निकालने में काफी मुश्किल हुई।
परिवारों में मचा कोहराम
तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में मातम पसर गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। वहीं घायल तीन लोगों का इलाज जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसा कैसे हुआ, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस हादसे की वजह की जांच कर रही है। तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित हुई या चालक को झपकी आई, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े वाहनों से जुड़े सुरक्षा सवाल खड़े कर दिए हैं।
इसे भी पढ़े – जमशेदपुर में पुलिस मुठभेड़, बिंदल मॉल फायरिंग कांड के दो आरोपी घायल
