रेहला के रक्साहा गांव में दो पक्षों के बीच शुरू हुआ था विवाद, उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने की हवाई फायरिंग…कई पुलिसकर्मी घायल, सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त
पलामू। जिले के रेहला थाना क्षेत्र के रक्साहा गांव में लक्ष्मी पूजा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच हुई मारपीट ने हिंसक रूप ले लिया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी भीड़ ने पथराव और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग करनी पड़ी। घटना में कई पुलिस पदाधिकारी और जवान घायल हुए हैं, जबकि एक सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पलामू पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर की शाम रक्साहा गांव में लक्ष्मी पूजा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट और झड़प की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही रेहला थाना प्रभारी वरीय अधिकारियों को सूचित कर पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय घटनास्थल पर करीब 200 से 300 लोगों की भीड़ जुटी हुई थी।
इसी दौरान विश्रामपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भी अपने अंगरक्षकों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति शांत कराने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस के मुताबिक भीड़ में शामिल कुछ असामाजिक तत्व लोगों को पुलिस के खिलाफ उकसाने लगे। इसके बाद भीड़ उग्र हो गई।
पुलिस पर पथराव और लाठी-डंडों से हमला
पुलिस के अनुसार, उग्र भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए पथराव शुरू कर दिया। लोगों ने लाठी-डंडों से भी हमला किया और पुलिस टीम को खदेड़ने का प्रयास किया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले हल्का बल प्रयोग किया। इसके बावजूद भीड़ के और उग्र होने पर पुलिस को आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग करनी पड़ी। इस दौरान कई पुलिस पदाधिकारी और कर्मी घायल हो गए तथा सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचा।
विशेष टीम ने छापेमारी कर 8 आरोपियों को पकड़ा
घटना के बाद रेहला थाना में कांड संख्या 122/2026, दिनांक 9 नवंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्रामपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल बनाया गया। टीम ने घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में पिंटु कुमार चौधरी (21), पिता बिफन चौधरी; विकास कुमार चौधरी (20), पिता बिफन चौधरी; रोहित कुमार चौधरी (20), पिता चन्द्रदेव चौधरी; कंचन कुमार चौधरी (33), पिता राजेश चौधरी; विकास चौधरी (23), पिता संतोष चौधरी; धर्मदेव चौधरी (22), पिता जयराम चौधरी; बिनोद चौधरी (44), पिता रामकिशुन चौधरी और बिजय कुमार चौधरी (35), पिता रामपृत चौधरी शामिल हैं। सभी आरोपी रक्साहा गांव, थाना रेहला, जिला पलामू के निवासी हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पलामू पुलिस ने आम लोगों से विवाद के दौरान कानून हाथ में नहीं लेने, अफवाहों से बचने और शांति व सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि विधि-व्यवस्था बिगाड़ने, पुलिस बल पर हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
