रांची: झारखंड में 80 मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना के बावजूद शिक्षकों की कमी को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठने लगे हैं। झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने हेमंत सोरेन सरकार पर शिक्षा के नाम पर केवल प्रचार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि उत्कृष्ट विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति आखिर कब होगी?
शिक्षक नहीं, फिर कैसी उत्कृष्ट शिक्षा?
अजय राय ने कहा कि सरकार ने सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत तो की, लेकिन पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराने में गंभीरता नहीं दिखाई। शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है और इसका सीधा असर विद्यार्थियों के भविष्य पर पड़ रहा है। उन्होंने सवाल किया कि बिना शिक्षकों के उत्कृष्ट शिक्षा का सपना कैसे पूरा होगा?
परीक्षा परिणाम पर भी उठाए सवाल
अजय राय ने वर्ष 2025 के परीक्षा परिणामों का हवाला देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस का दसवीं का परिणाम लगभग 66.34 प्रतिशत और 12वीं विज्ञान संकाय का परिणाम 61.85 प्रतिशत रहा। उन्होंने सवाल किया कि उत्कृष्ट विद्यालयों के परीक्षा परिणाम अपेक्षा के अनुरूप क्यों नहीं हैं और सरकार ने कमजोर प्रदर्शन की समीक्षा के लिए क्या कदम उठाए हैं?
मुख्यमंत्री से मांगा नियुक्ति का जवाब
अजय राय ने कहा कि शिक्षा विभाग स्वयं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पास है। ऐसे में शिक्षकों की कमी और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की जिम्मेदारी भी मुख्यमंत्री की है। उन्होंने सरकार से 80 विद्यालयों में रिक्त शिक्षक पदों का विषयवार विवरण सार्वजनिक करने और नियुक्ति की समयसीमा घोषित करने की मांग की।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी
झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने सभी मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में शिक्षकों की नियुक्ति, विद्यालयवार परीक्षा परिणाम और शैक्षणिक समीक्षा रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है। अजय राय ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते शिक्षकों की नियुक्ति और शिक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया, तो एसोसिएशन इस मुद्दे को राज्यव्यापी स्तर पर उठाएगा।


