Friday, October 2

रांची: राजधानी रांची में शुक्रवार को खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। तेज बारिश और हवा के कारण रांची आने वाली इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस की चार फ्लाइट का रूट बदलना पड़ा। वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-रांची फ्लाइट को री-शेड्यूल किया गया है।

पुणे से आने वाली फ्लाइट बनारस पहुंची

इंडिगो की पुणे-रांची फ्लाइट को मौसम खराब होने के कारण रांची की जगह बनारस डायवर्ट किया गया। इस फ्लाइट के सुबह 7:55 बजे रांची पहुंचने का निर्धारित समय था।

इसके अलावा इंडिगो की कोलकाता-रांची फ्लाइट भी रांची नहीं पहुंच सकी। सुबह 8:05 बजे रांची पहुंचने वाली यह फ्लाइट वापस कोलकाता लौट गई।

मुंबई से आने वाली फ्लाइट भी डायवर्ट

एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई-रांची फ्लाइट का भी रूट बदला गया। सुबह 8:20 बजे रांची पहुंचने वाली इस फ्लाइट को रांची आने के बाद कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया।

वहीं, इंडिगो की दिल्ली-रांची फ्लाइट, जिसके रांची पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 8:30 बजे था, उसे भी बनारस डायवर्ट किया गया।

दिल्ली-रांची फ्लाइट का बदला समय

एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-रांची फ्लाइट को डायवर्ट करने के बजाय री-शेड्यूल किया गया है। इस फ्लाइट के रांची पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 8:25 बजे था। जानकारी के अनुसार, अब इसके करीब 10:10 बजे रांची पहुंचने की संभावना है।

यात्रियों को फ्लाइट स्टेटस चेक करने की सलाह

रांची में शुक्रवार को तेज बारिश, गरज-चमक और हवा की स्थिति को देखते हुए विमान परिचालन प्रभावित हुआ है। ऐसे में यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का ताजा स्टेटस संबंधित एयरलाइन से जरूर चेक करने की सलाह दी गई है।

इसे भी पढ़े – लो प्रेशर का असर: झारखंड के 8 जिलों में तेज हवा के साथ भारी बारिश का अलर्ट

Share.
Next Story
एशियन गेम्स 2026: शूटिंग में भारत का पहला गोल्ड, कमलजीत-सुरुचि की जोड़ी ने रचा इतिहास
Exit mobile version