रांची: झारखंड में बारिश का दौर अभी थमता नजर नहीं आ रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के असर से बुधवार से बदला मौसम गुरुवार को भी कई हिस्सों में सक्रिय रहा। अब शुक्रवार यानी 25 सितंबर को राज्य के 8 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
आज इन 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
25 सितंबर को पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह और देवघर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
इन जिलों के अलावा राज्य के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है।
लो प्रेशर ने बदला झारखंड का मौसम
झारखंड में मौसम में बदलाव की वजह बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया है। यह सिस्टम उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट को पार कर चुका है। इसके प्रभाव से बुधवार से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला शुरू हुआ।
गुरुवार को भी इसका असर कई जिलों में देखने को मिला। रांची, गुमला और खूंटी समेत कई जगहों पर बारिश हुई। गिरिडीह में झमाझम बारिश हुई, जबकि चतरा में दिनभर रुक-रुककर बारिश का दौर चलता रहा।
25 सितंबर के बाद बारिश कुछ कमजोर होगी
मौसम विभाग के मुताबिक 25 सितंबर के बाद बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है। हालांकि मौसम पूरी तरह साफ नहीं होगा। 26 और 27 सितंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इस दौरान 27 सितंबर तक कहीं-कहीं गर्जन और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना बनी रहेगी।
किसानों के लिए भी मौसम की चेतावनी
बारिश के बीच किसानों को खेतों में जलजमाव से बचाव करने की सलाह दी गई है। खासकर ऊपरी जमीन पर लगी फसलों में पानी जमा न हो, इसका ध्यान रखना जरूरी है।
खेतों में काम करने के दौरान मौसम खराब होने पर वज्रपात और तेज हवा को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है।
इसे भी पढ़े – JHARKHAND DIGITAL EXCLUSIVE: यौनशोषण के मामले में 5 लाख की ठगी, सेना के नाम पर धमकाने का आरोप…
