Thursday, September 24

रांची: गोंदा थाना क्षेत्र की एक युवती ने अपने सहकर्मी पर शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, करीब 5 लाख रुपये लेने और बाद में शादी से मुकरने का आरोप लगाया है। युवती ने 23 सितंबर को गोंदा थाना में आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोपी पर युवती और उसकी मां को धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

युवती के मुताबिक, वह अशोक नगर स्थित एक निजी मोटर्स कंपनी में काम करती है। वहीं काम करने वाले एक युवक विवेक कुमार राय से उसकी करीब दो साल पहले पहचान हुई थी। शिकायत के अनुसार, समय के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध बने। इसी दौरान आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में उससे करीब 5 लाख रुपये लिए और रकम वापस करने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में पैसे वापस नहीं किए।

शादी का भरोसा देकर संबंध बनाने का आरोप

शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि प्रेम संबंध के दौरान आरोपी उसे अपने एक दोस्त के घर ले गया और दोनों की जल्द शादी होने की बात कही। इसी दौरान उसने युवती के साथ उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए।

युवती का कहना है कि शादी का भरोसा होने के कारण उसने उस समय इस मामले को लेकर कोई शोर नहीं किया। इसके बाद भी आरोपी ने अलग-अलग जगहों पर ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

घर ले जाकर मां से मिलवाने का भी दावा

शिकायत के मुताबिक, आरोपी बाद में युवती को अपने नामकुम क्षेत्र स्थित घर भी ले गया था। वहां उसने अपनी मां से युवती की मुलाकात कराई और कहा कि वह उससे शादी करेगा।

युवती ने अपने आवेदन में दावा किया है कि आरोपी की मां ने उसे शगुन के तौर पर 1,001 रुपये भी दिए थे। युवती का आरोप है कि बाद में जब उसने आरोपी से शादी के लिए बात करनी शुरू की तो उसका रवैया बदल गया और उसने शादी से इनकार करना शुरू कर दिया।

आरोपी द्वारा बातचीत बंद करने के बाद युवती अपनी मां के साथ उसके घर पहुंची। वहां शादी को लेकर बातचीत करने की कोशिश की गई। युवती का आरोप है कि दोनों मां-बेटी के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की गई और उन्हें वहां से भगा दिया गया।

अगले दिन विवेक कुमार राय कुछ अन्य लोगों के साथ उसके घर पहुंचा और उसे तथा उसकी मां को धमकी दी। शिकायत में जान से मरवाने की धमकी देने और पुलिस में बड़े लोगों से पहचान होने का दावा करने का भी आरोप लगाया गया है।

डर की वजह से तत्काल शिकायत नहीं करने का दावा

युवती का कहना है कि धमकी के बाद वह और उसकी मां डर गई थीं। इसी वजह से उस समय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन नहीं दे सकीं। अब 23 सितंबर को उन्होंने गोंदा थाना में आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इसे भी पढ़े – बड़गाई जमीन मामले में हेमंत सोरेन पर आरोप गठन टला, अब 30 सितंबर को होगी सुनवाई

Share.

Sanjana Kumari is a media professional, content writer, and voiceover artist with experience since 2023. She has expertise in digital media, social media, news writing, editing, and content management. Currently, she works as an Input In-Charge at Jharkhand Digital, handling news inputs and digital content. She is proficient in writing and articulating articles and voiceovers in both Hindi and English.

Next Story
झारखंड सरकार का बड़ा फैसला, राज्य के मेडिकल कॉलेजों में बढ़ेंगी सीटें
Exit mobile version