रांची: झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में शुक्रवार को रिम्स में दो महत्वपूर्ण पहल की गईं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और कांके विधायक सुरेश बैठा ने अत्याधुनिक BSL-III माइक्रोबायोलॉजी लैब का उद्घाटन किया। साथ ही OPD/IPD भवन के नवीनीकरण एवं विस्तार कार्य का शिलान्यास किया।
2.30 करोड़ की लागत से बनी लैब
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत करीब 2.30 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस लैब में टीबी की कल्चर जांच और ड्रग सेंसिटिविटी टेस्ट की सुविधा मिलेगी। इससे MDR-TB और ड्रग रेजिस्टेंट टीबी के मरीजों के इलाज में मदद मिलेगी। मरीजों को इन जांचों के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता भी कम होगी।
दो साल में पूरा होगा OPD/IPD भवन का काम
रिम्स के OPD/IPD भवन का नवीनीकरण और विस्तार आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के अनुरूप किया जाएगा। इसका उद्देश्य मरीजों को बेहतर इलाज, व्यवस्थित व्यवस्था और आधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। परियोजना को दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
रिम्स को विश्वस्तरीय संस्थान बनाने का लक्ष्य : मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि उनका लक्ष्य झारखंड के मरीजों को राज्य में ही बेहतर जांच और इलाज उपलब्ध कराना है। रिम्स को डिजिटल हेल्थ, आधुनिक डायग्नोस्टिक्स, AI और रोबोटिक्स जैसी तकनीकों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इस मौके पर रिम्स निदेशक डॉ. दीपेंद्र सिन्हा, अधीक्षक डॉ. हरेंद्र बिरुवा, वरिष्ठ चिकित्सक, मेडिकल फैकल्टी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे


