पाकुड़। जिले के महेशपुर प्रखंड के गड़बाड़ी में शुक्रवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), रांची की टीम ने सेवानिवृत्त चौकीदार धीरन माल के घर छापेमारी की. घंटों चली तलाशी के दौरान टीम को 5.08 लाख रुपये नकद, पुराने नोटों के रूप में 24 हजार रुपये और करोड़ों की अचल संपत्ति से संबंधित दस्तावेज मिले हैं. एसीबी की इस कार्रवाई से इलाके में चर्चा तेज हो गयी है.
एसीबी के अनुसार, दुमका थाना कांड संख्या 7/2026 में दर्ज आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में न्यायालय के आदेश पर यह कार्रवाई की गयी. कार्यपालक दंडाधिकारी, दुमका की मौजूदगी में तलाशी अभियान चलाया गया. धीरन माल इस मामले में नामजद अभियुक्त हैं.
तलाशी के दौरान टीम को धीरन माल के घर के सामने करीब चार हजार वर्गफीट जमीन पर बना दो मंजिला पक्का मकान मिला. एसीबी के मुताबिक, जमीन और मकान की अनुमानित कीमत 90 लाख 53 हजार 440 रुपये आंकी गयी है. इसके अलावा घर से 5 लाख 8 हजार 560 रुपये नकद और एक हजार रुपये के पुराने नोटों के रूप में 24 हजार रुपये बरामद किये गये.
एसीबी का कहना है कि जांच में धीरन माल द्वारा करोड़ों रुपये की अचल संपत्ति अर्जित करने की जानकारी भी सामने आयी है. उल्लेखनीय है कि धीरन माल चौकीदार संघ के राज्यस्तरीय नेता भी रह चुके हैं. छापेमारी के दौरान वह घर पर मौजूद नहीं थे. फिलहाल एसीबी संपत्ति के स्रोत और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है.


