Monday, September 14

सिमडेगा: सरकारी दफ्तरों में अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के इस्तेमाल की तैयारी शुरू हो गई है। सिमडेगा राज्य के उन अग्रणी जिलों में शामिल हो गया है, जहां जिला और प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों व कर्मियों को सरकारी कामकाज में AI के इस्तेमाल का प्रशिक्षण दिया गया है। दो दिवसीय कार्यशाला में अधिकारियों को सिर्फ AI की जानकारी ही नहीं दी गई, बल्कि अलग-अलग टूल्स का इस्तेमाल भी करके दिखाया गया।

रोजमर्रा के सरकारी काम में AI के इस्तेमाल पर जोर

सिमडेगा जिला प्रशासन की ओर से 10 और 11 सितंबर को आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रशासनिक कामकाज को तेज और बेहतर बनाने के लिए AI की मदद लेना रहा। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को AI की बुनियादी जानकारी के साथ इसके अलग-अलग उपयोगों के बारे में बताया गया।

प्रशासन का मानना है कि AI के इस्तेमाल से कम समय में ज्यादा प्रभावी तरीके से काम किया जा सकेगा। सरकारी प्रक्रियाओं को आसान बनाने के साथ रिपोर्ट तैयार करने, जानकारी व्यवस्थित करने और दूसरे नियमित प्रशासनिक कामों में भी तकनीक मददगार हो सकती है।

अधिकारियों ने खुद आजमाए AI टूल

कार्यशाला में JSLPS और GDI Partners के तकनीकी विशेषज्ञों ने अधिकारियों को विभिन्न AI टूल्स की जानकारी दी। इसके साथ ही Hands-on Practical Sessions भी कराए गए, ताकि अधिकारी केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रहें, बल्कि अपने रोजमर्रा के काम में इन टूल्स का इस्तेमाल कर सकें।

सिमडेगा की उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार नई तकनीकों और AI के उपयोग को लेकर सक्रिय है। उन्होंने कहा कि तकनीक के इस्तेमाल से प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी, प्रभावी और नागरिक-केंद्रित बनाने में मदद मिल सकती है।

दो दिन की ट्रेनिंग के बाद मिले प्रमाण-पत्र

प्रशिक्षण का तकनीकी मार्गदर्शन GDI के विशेषज्ञ अंशुल गुप्ता और जान्हवी बहादुर ने किया। वहीं JSLPS की ओर से बिष्णु चरण परिडा, अमित जैन, हेम राज समेत अन्य पदाधिकारियों ने प्रशिक्षण के समन्वय में भूमिका निभाई।

दो दिवसीय कार्यशाला के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र दिए गए। जिला प्रशासन की यह पहल सरकारी कामकाज में आधुनिक तकनीक को शामिल करने और प्रशासनिक कार्यों में गति व दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक कदम माना जा रहा है।

इसे भी पढ़े – रांची यूनिवर्सिटी में पीएचडी के लिए रिकॉर्ड तोड़ आवेदन, 331 सीटों पर 1470 दावेदार

Share.

Sanjana Kumari is a media professional, content writer, and voiceover artist with experience since 2023. She has expertise in digital media, social media, news writing, editing, and content management. Currently, she works as an Input In-Charge at Jharkhand Digital, handling news inputs and digital content. She is proficient in writing and articulating articles and voiceovers in both Hindi and English.

Next Story
पलामू में सड़क कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार, NH-39 पर दो अंडरपास को जल्द मंजूरी की उम्मीद
Exit mobile version