कंपनी से निकाले जाने के बाद रची थी साजिश, पुलिस ने कार, मोबाइल और हथियार किए बरामद; मास्टरमाइंड समेत चार आरोपी गिरफ्तार
रांची: कंपनी से नौकरी जाने की नाराजगी ऐसी बढ़ी कि बदला लेने के लिए कोयला लदे हाईवा में आगजनी की साजिश रच दी गई। रांची के खलारी में हुई इस घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार, मोबाइल फोन और हथियार भी बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड कंपनी का पूर्व कर्मचारी मोहम्मद मोजम्मिल है।
8 नवंबर को कोयला लदे हाईवा में लगाई थी आग
मामला खलारी थाना क्षेत्र के बड़कीटांड़ का है। बीते 8 नवंबर को अज्ञात अपराधियों ने कोयला लदे एक हाईवा में आग लगा दी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के निर्देशन और डीएसपी खलारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
वाहन चेकिंग के दौरान तीन आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान 22 नवंबर को पुलिस ने बलथरवा इलाके में वाहन चेकिंग के दौरान एक वैगनआर कार को रोका। कार में अफताब आलम उर्फ टिंकू, हसन अंसारी और कलीम अंसारी सवार थे। पूछताछ में तीनों की हाईवा में आगजनी की घटना में संलिप्तता सामने आई। इसके बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चौथे आरोपी मोहम्मद मोजम्मिल को भी गिरफ्तार कर लिया।
नौकरी से निकाले जाने के बाद रची थी साजिश
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद मोजम्मिल पहले मोहित मिनरल कंपनी में काम करता था। कंपनी से निकाले जाने के बाद उसने बदले की भावना से कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाने की योजना बनाई। आरोप है कि उसने कंपनी के कर्मचारी सूरज कुमार की रेकी भी कराई और अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हाईवा में आगजनी की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को लेवी की रकम नहीं मिली थी। इसके बाद वे दोबारा किसी घटना को अंजाम देने के इरादे से खलारी आ रहे थे। इसी दौरान एसआईटी ने वाहन चेकिंग के क्रम में उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में हसन अंसारी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वह छत्तीसगढ़ और ओडिशा में बैंक डकैती के मामलों में जेल जा चुका है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है।
