आईची-नागोया एशियन गेम्स 2026 के 10वें दिन भारत ने शानदार प्रदर्शन किया। दिन का पहला पदक पिंकी बलहारा ने कुराश में कांस्य के रूप में दिलाया। इसके बाद ईशा सिंह ने 25 मीटर पिस्टल में रजत जीता। एथलेटिक्स में भारत ने कुल 8 पदक अपने नाम किए।
ट्रैक एंड फील्ड में चमके भारतीय
मुरली श्रीशंकर, गुलवीर सिंह और यश वीर सिंह ने रजत पदक जीते, जबकि विथ्या रामराज, पारुल चौधरी और रोहित यादव को कांस्य मिला। मुरली ने लॉन्ग जंप में 8.07 मीटर की छलांग लगाकर हांगझोऊ 2022 के बाद इस बार भी रजत बरकरार रखा। चीनी एथलीट ने 8.17 मीटर के साथ स्वर्ण जीता। गुलवीर ने 1500 मीटर में रजत जीता, जहां जापानी धावक ने गेम्स रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण हासिल किया। पारुल ने 5000 मीटर में कांस्य जीता, जो इन खेलों में उनका दूसरा पदक है।
जैवलिन में गोल्ड की हैट्रिक चूकी
2018 और 2022 में स्वर्ण जीतने वाले भारत को इस बार जैवलिन में रजत और कांस्य से संतोष करना पड़ा। नीरज चोपड़ा की गैरमौजूदगी में श्रीलंका के पथिरागे ने स्वर्ण जीता। यश वीर सिंह को रजत और रोहित यादव को कांस्य मिला।
बॉक्सिंग में पदक पक्के
लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा), प्रिया घंघास (60 किग्रा) और कपिल पोखरिया (90 किग्रा) सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक पक्का कर चुके हैं। परवीन हुड्डा, अंकुश पंघाल और नरेंद्र बरवाल भी पहले ही पदक सुनिश्चित कर चुके हैं। भारतीय क्रिकेट टीम बिना मैच खेले सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है।
पदक तालिका
भारत अब तक 12 खेलों में 4 स्वर्ण समेत 45 पदक जीत चुका है, जिनमें 12 शूटिंग से हैं। भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2022 में रहा था, जब 28 स्वर्ण समेत 107 पदक मिले थे।
