प्रयागराज-कौशांबी सीमा पर सोमवार दोपहर पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में 2 बच्चों समेत 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग झुलस गए हैं।
घटना कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में दोपहर करीब साढ़े 12 बजे हुई। यह इलाका प्रयागराज सीमा पर है और यहां से मनौरी एयरफोर्स स्टेशन करीब 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। विस्फोट के बाद पुलिस और एयरफोर्स की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव का काम शुरू किया।
धमाके से फैक्ट्री पूरी तरह ढही
पुलिस के अनुसार, विस्फोट इतना जबरदस्त था कि पटाखा फैक्ट्री पूरी तरह जमींदोज हो गई। इसके आसपास करीब 50 मीटर के दायरे में मौजूद पांच से सात मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 15 मजदूर काम कर रहे थे। आसपास के कुछ घरों में मौजूद लोग भी इसकी चपेट में आए।
धमाके की आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के बाद इलाके में धुएं का गुबार छा गया। फैक्ट्री में रखे पटाखों के कारण कुछ देर तक लगातार धमाके होते रहे, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
चारपाई पर घायलों को लेकर भागते दिखे ग्रामीण
धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घायल लोग मदद के लिए चीखते-पुकारते रहे। स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह किए बिना राहत-बचाव में जुटकर घायलों को बाहर निकाला। कई झुलसे लोगों को ग्रामीण चारपाई पर लेकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाते नजर आए।
इसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
मकान से उठने लगा था धुआं, फिर शुरू हुए धमाके
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बस्ती से कुछ दूरी पर स्थित एक मकान में पटाखा बनाने का काम किया जा रहा था। मकान के ऊपर से बिजली के तार भी गुजर रहे हैं। सोमवार दोपहर अचानक मकान से धुआं उठता दिखाई दिया।
लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वहां रखे पटाखों में एक के बाद एक धमाके होने लगे। देखते ही देखते पूरा इलाका तेज आवाजों और धुएं से भर गया।
पटाखा फैक्ट्री के मालिक का नाम आदिल बताया जा रहा है।
हादसे की वजह और फैक्ट्री की अनुमति की जांच
विस्फोट आखिर किस वजह से हुआ, फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस और संबंधित टीमें मौके पर जांच कर रही हैं। हादसे के कारणों के साथ यह भी जांच का विषय है कि फैक्ट्री में पटाखों के निर्माण और भंडारण के लिए जरूरी अनुमति थी या नहीं और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं।
फिलहाल पुलिस और एयरफोर्स की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। हादसे में हुए नुकसान और विस्फोट की वास्तविक वजह की जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
इसे भी पढ़े – अस्पताल दूर नहीं था, सड़क दूर थी… 2 KM तक कंधों पर ढोई गई बीमार महिला
