सेन्ट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया को राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए प्रथम राजभाषा कीर्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग द्वारा 14-15 सितंबर 2026 को नवी मुंबई में आयोजित अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में बैंक को यह सम्मान प्रदान किया गया।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के हाथों बैंक के एमडी एवं सीईओ कल्याण कुमार ने राजभाषा शील्ड ग्रहण की। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तथा सुनेत्रा पवार भी उपस्थित रहीं।
‘सेन्ट्रलाइट’ के 100 वर्ष, विरासत अंक का विमोचन
सम्मेलन में बैंक की द्विभाषीय गृह पत्रिका ‘सेन्ट्रलाइट’ के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रकाशित विशेष ‘विरासत अंक’ का विमोचन भी किया गया। राजभाषा विभाग के राज्यमंत्री नित्यानन्द राय, बंदी संजय कुमार तथा राजभाषा सचिव अंशुली आर्य ने संयुक्त रूप से इस विशेषांक का लोकार्पण किया। यह अंक बैंक की गौरवशाली विरासत, विकास यात्रा और संस्थागत मूल्यों को समेटे हुए है।
115 वर्षों की यात्रा पर विशेष प्रदर्शनी
सम्मेलन के दौरान बैंक ने अपनी 115 वर्षों की यात्रा पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई। विभिन्न मॉडलों और प्रस्तुतियों के माध्यम से इसमें बैंक की विरासत, नवाचार पहल और राजभाषा के क्षेत्र में उपलब्धियों को दर्शाया गया। प्रदर्शनी में ऐतिहासिक उपलब्धियों के साथ-साथ आधुनिक बैंकिंग में बैंक की नवाचारपरक सोच और भविष्य की दिशा को भी रेखांकित किया गया।
इस मौके पर कार्यपालक निदेशक महेन्द्र दोहरे, मुख्य महाप्रबंधक-राजभाषा कुशल पाल, सहायक महाप्रबंधक-राजभाषा हितेन्द्र धूमाल सहित देशभर में पदस्थ बैंक के राजभाषा अधिकारी मौजूद रहे।
यह पुरस्कार राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन, हिंदी के प्रचार-प्रसार और राजभाषा नीति के प्रति बैंक की प्रतिबद्धता के साथ किए जा रहे सतत प्रयासों का प्रतिफल माना जा रहा है।
