Thursday, September 24

ट्रेन में सफर हो या स्टेशन पर इंतजार, साफ-सफाई को लेकर अब लापरवाही जेब पर भारी पड़ सकती है। रेलवे ने अपने परिसर में गंदगी फैलाने से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। नए प्रावधान के तहत ऐसे मामलों में अब अधिकतम 2,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकेगा।

नई व्यवस्था Indian Railways (Penalties for acts affecting cleanliness in railway premises) Rules, 2012 में संशोधन के बाद लागू हुई है। पहले इन नियमों के तहत 100 से 500 रुपये तक जुर्माने का प्रावधान था। अब इसकी अधिकतम सीमा बढ़ाकर 2,000 रुपये कर दी गई है।

रेलवे ने क्यों बदला नियम?

रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में साफ-सफाई बनाए रखना बड़ी चुनौती है। यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण कचरा फैलने की समस्या भी सामने आती रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने स्वच्छता से जुड़े नियमों में जुर्माने की राशि बढ़ाई है।

25 अगस्त 2026 को रेलवे की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई। यह बदलाव रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 60 के तहत किया गया है।

यात्रियों को पहले ही बताया जाएगा नियम

रेलवे सिर्फ जुर्माना बढ़ाने तक सीमित नहीं रहेगा। यात्रियों को नए नियमों की जानकारी देने के लिए स्टेशनों और ट्रेनों में जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

रेलवे बोर्ड ने 18 सितंबर 2026 को जारी कमर्शियल सर्कुलर के जरिए क्षेत्रीय रेलवे को प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं। इसके तहत—

  • स्टेशनों पर पोस्टर लगाए जाएंगे।
  • ट्रेन के कोच में स्वच्छता नियमों की जानकारी दी जाएगी।
  • पब्लिक अनाउंसमेंट के जरिए यात्रियों को जागरूक किया जाएगा।
  • रेडियो और टीवी के माध्यम से प्रचार किया जाएगा।
  • समाचार पत्रों में भी नियमों की जानकारी प्रकाशित की जाएगी।

जुर्माने की प्रक्रिया भी होगी तय

संशोधित नियमों को लागू करने के लिए क्षेत्रीय रेलवे अपने स्तर पर स्थानीय प्रक्रिया तय करेगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को नामित किया जाएगा और जुर्माने से मिलने वाली राशि का रिकॉर्ड भी रखा जाएगा।

चीफ कमर्शियल मैनेजर को इस पूरी कार्रवाई से जुड़ी जानकारी MCDO रिपोर्ट के माध्यम से रेलवे बोर्ड को उपलब्ध करानी होगी।

सफर के दौरान रखें इस बात का ध्यान

नए नियमों के बाद रेलवे स्टेशन या ट्रेन में सफाई व्यवस्था प्रभावित करने वाला कोई भी काम यात्रियों के लिए महंगा पड़ सकता है। ऐसे में सफर के दौरान कचरा निर्धारित स्थान पर डालना और रेलवे परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग करना जरूरी होगा।

इसे भी पढ़े – झारखंड में नहीं मिला एक भी रूबेला का केस

Share.

Sanjana Kumari is a media professional, content writer, and voiceover artist with experience since 2023. She has expertise in digital media, social media, news writing, editing, and content management. Currently, she works as an Input In-Charge at Jharkhand Digital, handling news inputs and digital content. She is proficient in writing and articulating articles and voiceovers in both Hindi and English.

Next Story
झारखंड BJP में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, पवन साय को मिली संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी
Exit mobile version