मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मां बगलामुखी के दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं की कार मंदिर के पास बरसाती नाले के तेज बहाव में बह गई। हादसे में कार सवार 8 लोगों की मौत की सूचना है। इनमें 3 बच्चे, 2 महिलाएं और 3 पुरुष बताए जा रहे हैं। हालांकि, मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
जानकारी के मुताबिक, इलाके में रातभर बारिश हुई थी। इसी दौरान श्रद्धालुओं की कार नलखेड़ा में एक पुल से होकर गुजर रही थी। बताया जा रहा है कि चालक को रास्ता ठीक से दिखाई नहीं दिया और वाहन तेज बहाव वाले बरसाती नाले में उतर गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि कार कुछ दूर तक बहती चली गई।
मां बगलामुखी के दर्शन के लिए आया था परिवार
बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी लोग ओडिशा के एक परिवार से थे। यह परिवार महाकाल दर्शन के बाद नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर पहुंचा था। परिवार ने उज्जैन से टैक्सी ली थी और दर्शन के लिए नलखेड़ा आया था।
मंदिर के पास बरसाती नाले को पार करने के दौरान यह हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया गया।
कार समेत लोगों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। प्रशासनिक अमला और रेस्क्यू टीम कार और उसमें सवार लोगों की तलाश में जुटी रही।
जिस कार के नाले में बहने की जानकारी सामने आई है, उसका नंबर MP 13 AF 7135 बताया जा रहा है। यह एस्प्रेसो कार है।
मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी
फिलहाल प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य के साथ हादसे की जांच की जा रही है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया अभी जारी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और कार तेज बहाव की चपेट में कैसे आई, इसे लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
रातभर हुई बारिश के बाद बरसाती नाले में तेज पानी का बहाव हादसे की बड़ी वजह के तौर पर सामने आ रहा है।
इसे भी पढ़े – अब IIT के एक्सपर्ट बताएंगे कैसे सुधरेगी झारखंड की जलापूर्ति, 3 संस्थानों से हाथ मिलाएगा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग
