Tuesday, October 13

कक्षा 9 के छात्रों के लिए पढ़ाई का दायरा अब किताबों और पारंपरिक विषयों तक सीमित नहीं रहेगा। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने नए सामाजिक विज्ञान पाठ्यक्रम में व्यक्तिगत आयकर और पर्सनल फाइनेंस को भी जगह दी है। नए पाठ में छात्रों को पैसे के प्रबंधन से लेकर आयकर की गणना तक की बुनियादी समझ दी जाएगी।

इसके लिए NCERT ने ‘Understanding Society India and Beyond-Part 2’ नाम से कक्षा 9 की नई किताब जारी की है। किताब में ‘अपनी व्यक्तिगत आय को प्रबंधित करना’ नाम से अध्याय शामिल किया गया है। इसमें बताया गया है कि वित्तीय फैसले लेने की समझ बचपन से विकसित की जा सकती है।

कमाई के साथ खर्च, बचत और निवेश की समझ

नए अध्याय में छात्रों को सिर्फ आयकर के बारे में जानकारी नहीं दी गई है, बल्कि व्यक्तिगत वित्त के अलग-अलग पहलुओं को समझाने की कोशिश की गई है। इसमें आय, खर्च की योजना, बचत, निवेश, जोखिम से सुरक्षा और जिम्मेदारी के साथ उधार लेने जैसे विषय शामिल हैं।

पाठ्यपुस्तक का जोर इस बात पर है कि पैसे का बेहतर प्रबंधन सिर्फ अधिक कमाई करने तक सीमित नहीं है। रोजमर्रा के वित्तीय फैसले भी किसी व्यक्ति की आर्थिक स्थिति और भविष्य को प्रभावित करते हैं।

पहली बार स्लैब के आधार पर समझेंगे इनकम टैक्स

नई किताब की खास बात यह है कि कक्षा 9 के छात्र नई आयकर व्यवस्था के तहत टैक्स स्लैब और उसके आधार पर कर की गणना को समझ सकेंगे। NCERT प्रमुख दिनेश प्रसाद सकलानी के अनुसार, इस उम्र के छात्रों के लिए वास्तविक स्लैब आधारित आयकर गणना को पाठ्यक्रम में शामिल करना पहली बार हुआ है।

अध्याय में नई कर व्यवस्था के स्लैब की सारणी दी गई है और उसके आधार पर टैक्स देनदारी निकालने का तरीका भी समझाया गया है। इस हिस्से में पुरानी कर व्यवस्था का उल्लेख नहीं किया गया है।

टैक्स को नागरिक जिम्मेदारी से भी जोड़ा

पाठ्यपुस्तक में आयकर को केवल गणना के विषय के रूप में नहीं रखा गया है। छात्रों को यह संदेश भी दिया गया है कि ईमानदारी से और समय पर टैक्स चुकाना नागरिकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और इससे देश के विकास में योगदान होता है।

NCERT की नई पहल के जरिए छात्रों को कम उम्र से ही यह समझाने की कोशिश की गई है कि आर्थिक फैसले, बचत, निवेश और टैक्स जैसी चीजें रोजमर्रा की जिंदगी और भविष्य की वित्तीय स्थिरता से जुड़ी हैं।

इसे भी पढ़े – JHARKHAND DIGITAL BREAKING: NTPC समेत कोल कंपनियों के खिलाफ बड़कागांव में पदयात्रा, बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीण

Share.
Next Story
नगड़ी में 97 किलो गांजा बरामद, दो कारों से चल रहा था तस्करी का खेल
Exit mobile version