Wednesday, September 23

गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए महंगे इलाज की चिंता को दूर करने वाली सरकार की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना ने आठ साल का सफर पूरा कर लिया है। ‘आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ (AB PM-JAY) की इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस योजना ने देश के करोड़ों परिवारों को अस्पताल के भारी खर्च से मुक्ति दिलाई है और स्वास्थ्य सेवाओं को हर घर तक पहुंचाया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के अनुसार, अब तक 60 करोड़ से ज्यादा नागरिक इस योजना के दायरे में आ चुके हैं और 48.54 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। योजना के तहत ₹2 लाख करोड़ से अधिक मूल्य के 13 करोड़ से ज्यादा मुफ्त इलाज सूचीबद्ध अस्पतालों में पूरे किए गए हैं।

70+ बुजुर्गों के लिए विशेष सौगात

आठ साल की इस यात्रा में सबसे बड़ा बदलाव बुजुर्गों को मिलने वाले लाभ में हुआ है। सरकार ने अब 70 वर्ष और उससे अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों के लिए योजना खोल दी है, चाहे उनकी पारिवारिक आय कुछ भी हो। खास बात यह है कि यदि कोई परिवार पहले से योजना में शामिल है, तो उसमें आने वाले 70 साल से ऊपर के बुजुर्ग को परिवार के ₹5 लाख कवर के अलावा ₹5 लाख का अलग ‘वय वंदना’ टॉप-अप कवर मिलेगा। अब तक 1.36 करोड़ से ज्यादा बुजुर्गों के ‘आयुष्मान वय वंदना कार्ड’ बन चुके हैं।

फ्रंटलाइन वर्कर्स और कमजोर तबकों तक पहुंच

योजना का दायरा बढ़ाते हुए 44.81 लाख से अधिक आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं को भी इसमें शामिल किया गया है। इसके साथ ही ‘स्माइल’ (SMILE) योजना के तहत ट्रांसजेंडर समुदाय, निर्माण मजदूरों, कचरा बीनने वालों और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) को भी कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा दी जा रही है। इस समय देशभर के 39,000 से अधिक सरकारी और निजी अस्पताल इस योजना से जुड़े हैं, जो 27 स्पेशियलिटीज में 1,961 गंभीर बीमारियों और सर्जरी की सुविधा देते हैं।

आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया आसान

कार्ड बनवाने के लिए beneficiary.nha.gov.in पोर्टल या ‘Ayushman App’ पर मोबाइल नंबर से ओटीपी लॉगिन करना होता है। इसके बाद राज्य, योजना और जिला चुनकर राशन कार्ड या परिवार पहचान पत्र के जरिए परिवार को खोजा जाता है, फिर आधार आधारित ई-केवाईसी और लाइव फोटो अपलोड करने पर डिजिटल कार्ड तुरंत जनरेट हो जाता है। यह सुविधा नजदीकी प्रज्ञा केंद्र या अस्पताल के ‘आयुष्मान मित्र’ काउंटर पर भी उपलब्ध है, जहां बिना एडवांस कैश जमा किए सीधे भर्ती और इलाज शुरू कराया जा सकता है।

इसे भी पढ़े: दानापुर में खूनी रात: कहासुनी में भाई ने अपनी बहन को मारी गोली, फिर खुद को किया शूट

 

Share.
Next Story
9 साल तक भारत में छिपा रहा फर्जी पासपोर्ट सिंडिकेट का मास्टरमाइंड, STF ने किया गिरफ्तार
Exit mobile version