सरायकेला-खरसावां। आदित्यपुर में नशे के काले कारोबार पर अब पुलिस ने निर्णायक प्रहार शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दूसरे दिन मंगलवार को पुलिस ने ऐसा सर्च ऑपरेशन चलाया कि ड्रग्स तस्करों में हड़कंप मच गया। राम मड़ैया बस्ती, मुस्लिम बस्ती, इमली चौक समेत कई संवेदनशील इलाकों में एक साथ हुई ताबड़तोड़ छापेमारी से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूत्रों के अनुसार पुलिस की नजर लंबे समय से सक्रिय ड्रग्स नेटवर्क पर है। इसी कड़ी में संदिग्ध ठिकानों की गहन तलाशी ली गई, जहां से भारी मात्रा में नकदी बरामद होने की सूचना है। बरामद रकम की गिनती जारी है और माना जा रहा है कि यह रकम नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी हो सकती है।
‘लालटू’ की तलाश में चारों ओर दबिश
पुलिस सूत्रों के मुताबिक अभियान का मुख्य लक्ष्य ड्रग्स कारोबार से जुड़े ‘लालटू’ तक पहुंचना है। उसकी तलाश में लगातार अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। माना जा रहा है कि उसकी गिरफ्तारी से पूरे ड्रग्स सिंडिकेट की परतें खुल सकती हैं।
एक युवक हिरासत में, कई बड़े नाम रडार पर
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ से ड्रग्स सप्लाई चेन, फाइनेंसरों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है। कई संदिग्ध पहले से ही पुलिस के रडार पर बताए जा रहे हैं।
सिर्फ छापेमारी नहीं, पूरे इलाके की घेराबंदी
अभियान के दौरान पुलिस ने पार्कों, चौक-चौराहों, सुनसान स्थानों और देसी-विदेशी शराब दुकानों के आसपास बाइक पेट्रोलिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी। असामाजिक तत्वों और लफंगों की भी सघन जांच की गई। पुलिस की मौजूदगी से पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त हो गई।
SP का सख्त संदेश—’ड्रग्स माफियाओं की अब खैर नहीं’
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि बरामद नकदी और कार्रवाई का विस्तृत खुलासा नोटों की गिनती पूरी होने के बाद प्रेस वार्ता में किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में ड्रग्स तस्करी, फरार अपराधियों और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस केवल छोटे तस्करों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जड़ तक पहुंचेगी।
