Sunday, November 22

बोकारो/गुमला: साइबर अपराधी अब लोगों को ठगने के लिए सरकारी अधिकारियों की पहचान और उनकी तस्वीरों का सहारा ले रहे हैं। झारखंड में बोकारो और गुमला के उपायुक्तों के नाम से फर्जी WhatsApp ID बनाए जाने का मामला सामने आया है। इन फर्जी अकाउंट के जरिए लोगों को संदेश भेजे जा रहे हैं। ऐसे में प्रशासन ने आम लोगों और सरकारी अधिकारियों को सतर्क रहने की अपील की है।

बोकारो में डीसी अजय नाथ झा की प्रोफाइल फोटो का इस्तेमाल कर एक फर्जी WhatsApp अकाउंट बनाया गया है। इस अकाउंट से मोबाइल नंबर 9739811309 के जरिए आम लोगों और विभिन्न पदाधिकारियों को भ्रामक संदेश भेजे जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस नंबर का उपायुक्त से कोई संबंध नहीं है। उपायुक्त का आधिकारिक संपर्क नंबर 9470526005 है।

प्रशासन ने लोगों को आगाह किया है कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपनी निजी जानकारी, पासवर्ड, ओटीपी या बैंक खाते से जुड़ी जानकारी साझा न करें। यदि किसी तरह की साइबर ठगी की कोशिश सामने आती है, तो इसकी शिकायत नजदीकी थाना में करें। बोकारो पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

इसी तरह गुमला में भी उपायुक्त के नाम से फर्जी WhatsApp ID बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। गुमला प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को सतर्क किया गया है। प्रशासन ने कहा है कि यदि किसी को ‘DC Gumla’ के नाम से या किसी अन्य फर्जी आईडी से संदिग्ध संदेश अथवा फ्रेंड रिक्वेस्ट मिलती है, तो उसे नजरअंदाज करें। ऐसे अकाउंट को तुरंत ब्लॉक और रिपोर्ट करें।

दोनों जिलों में सामने आए इन मामलों ने साइबर अपराधियों के नए तरीके को लेकर चिंता बढ़ा दी है। सरकारी अधिकारियों के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल कर लोगों के भरोसे का फायदा उठाने की कोशिश की जा सकती है। ऐसे में किसी भी संदेश पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध संदेश के झांसे में न आएं।

Share.
Next Story
गृह सचिव की सुरक्षा में तैनात हवलदार के घर लाखों की चोरी, छठ मनाने मुंगेर गया था परिवार
Exit mobile version