रांची: प्रतिष्ठित सीफोर-विद्यालय रैंकिंग 2026 में रांची के विद्यालयों ने शानदार प्रदर्शन किया है। शहर की रैंकिंग में दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), रांची ने पहला स्थान हासिल किया है, जबकि लेडी केसी रॉय मेमोरियल स्कूल दूसरे स्थान पर रहा। दोनों विद्यालयों ने राज्य स्तर की शीर्ष-10 सूची में भी जगह बनाई है।
राज्य की रैंकिंग में DPS पांचवें, लेडी केसी रॉय दसवें स्थान पर
झारखंड स्तर पर जमशेदपुर के लोयोला स्कूल को पहला स्थान मिला है। वहीं DPS रांची ने राज्य में पांचवां स्थान हासिल किया है। लेडी केसी रॉय मेमोरियल स्कूल को राज्य की सूची में दसवां स्थान प्राप्त हुआ। टॉप-10 में बोकारो के दिल्ली पब्लिक स्कूल और चिन्मय विद्यालय समेत राज्य के कई प्रतिष्ठित स्कूल शामिल हैं।
कई मानकों पर हुआ विद्यालयों का मूल्यांकन
सीफोर की विद्यालय रैंकिंग व्यापक सर्वेक्षण और शोध प्रक्रिया के आधार पर तैयार की गई है। इसमें स्कूलों का मूल्यांकन केवल परीक्षा परिणामों के आधार पर नहीं, बल्कि कई अलग-अलग मानकों पर किया गया। इनमें शिक्षकों की दक्षता, विद्यार्थियों के साथ शिक्षक का संबंध, शिक्षण पद्धति, पाठ्यक्रम की उपयोगिता, शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यालय का नेतृत्व और प्रशासन शामिल हैं।
इसके अलावा स्कूल की आधारभूत संरचना, सुविधाएं, व्यक्तिगत शिक्षा, खेलकूद, सह-शैक्षणिक गतिविधियां, जीवन कौशल और सामाजिक समझ जैसे पहलुओं को भी रैंकिंग में शामिल किया गया।
64 हजार से अधिक लोगों ने लिया सर्वेक्षण में हिस्सा
वर्ष 2026 के सर्वेक्षण में देश के 244 शहरों और कस्बों के 64,567 लोगों ने भाग लिया। इनमें अभिभावक, शिक्षक, प्राचार्य, शिक्षाविद और विद्यार्थी शामिल रहे। सीफोर एक बहुविषयक शोध संस्था है, जो जनमत सर्वेक्षण, बाजार अनुसंधान तथा शैक्षणिक संस्थानों की रैंकिंग जैसे क्षेत्रों में काम करती है।
