Saturday, November 21

करमटोली में स्मार्ट ट्रैफिक एवं पुलिस पोस्ट का उद्घाटन, पुलिसकर्मियों के लिए बैठने की सुविधा के साथ बनाए गए दो शौचालय; एसएसपी राकेश रंजन समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रहे मौजूद

रांची: राजधानी रांची में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक नई पहल की गई है। राउंडटेबल इंडिया के सहयोग से करमटोली में आधुनिक स्मार्ट ट्रैफिक एवं पुलिस पोस्ट का निर्माण कराया गया है। गुरुवार को इस नवनिर्मित पुलिस पोस्ट का उद्घाटन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन के नेतृत्व में ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सिटी एसपी पारस राणा और ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने संयुक्त रूप से किया।

इस मौके पर पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, पुलिसकर्मी और राउंडटेबल इंडिया व लेडीज सर्कल इंडिया के सदस्य मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह के दौरान संस्था की ओर से उपस्थित पुलिस अधिकारियों को मोमेंटो और शॉल देकर सम्मानित भी किया गया।

10 लाख रुपये की लागत से तैयार हुआ स्मार्ट पुलिस पोस्ट

करमटोली में बनाए गए इस स्मार्ट ट्रैफिक पुलिस पोस्ट का निर्माण रांची एंकरेज राउंडटेबल 160, रांची समारिटन राउंडटेबल 244 और रांची यूटोपियन राउंडटेबल 284 के संयुक्त प्रयास से कराया गया है। इस परियोजना पर करीब 10 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।

लगभग 300 वर्गफीट क्षेत्र में बने इस पुलिस पोस्ट को इस तरह तैयार किया गया है कि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को जरूरी सुविधाएं मिल सकें। यहां जवानों के बैठने के लिए एक आरामदायक कक्ष बनाया गया है। इसके अलावा दो शौचालयों की भी व्यवस्था की गई है, ताकि लंबे समय तक सड़क पर ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।

पुलिस पोस्ट के कक्ष में टफेंड ग्लास लगाए गए हैं। इसकी खासियत यह है कि अंदर बैठे पुलिसकर्मी बाहर सड़क पर होने वाली गतिविधियों पर भी नजर रख सकेंगे। इससे ड्यूटी के दौरान निगरानी और कार्य संचालन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

नगर निगम से NOC लेने के बाद हुआ निर्माण

संस्था की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस पुलिस पोस्ट के निर्माण के लिए रांची नगर निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त किया गया था। इसके बाद निर्धारित स्थान पर निर्माण कार्य कराया गया। परियोजना की जानकारी राउंडटेबल इंडिया झारखंड-ओडिशा रीजन के मीडिया प्रभारी पौरुष जैन ने दी।

पुलिस अधिकारियों और संस्था के सदस्यों की रही मौजूदगी

उद्घाटन समारोह में ट्रैफिक डीएसपी रमाकांत रजक, डीएसपी सदर संजीव बेसरा, सार्जेंट परशुराम यादव और थाना प्रभारी जोगिंदर सिंह समेत कई पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

वहीं, राउंडटेबल इंडिया की ओर से तीनों राउंडटेबल के अध्यक्ष पूर्णविजय सिंह, तनय अग्रवाल और संदीप खेमका, एरिया चेयरमैन यश वर्धित सिंह, वाइस चेयरमैन एवं प्रोजेक्ट कन्वीनर पौरुष जैन सहित गौरव अग्रवाल, शौर्य मोदी, मोहित पोद्दार और मनीष जैन समेत कई सदस्य शामिल हुए।

लेडीज सर्कल की चेयरपर्सन अंशु गुप्ता, आस्था अग्रवाल और अन्य सदस्यों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों के बीच स्नैक्स पैकेट भी वितरित किए गए।

शिक्षा के क्षेत्र में भी काम कर रही है संस्था

राउंडटेबल इंडिया और लेडीज सर्कल इंडिया केवल पुलिस सुविधाओं तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि शिक्षा और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में भी काम कर रहे हैं। संस्था का मुख्य उद्देश्य ‘फ्रीडम थ्रू एजुकेशन’ यानी शिक्षा के माध्यम से वंचित वर्ग के बच्चों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

इसी उद्देश्य के तहत संस्था की ओर से देशभर में 10 हजार से अधिक क्लासरूम का निर्माण कराया जा चुका है। झारखंड में भी संस्था ने शिक्षा के क्षेत्र में कई परियोजनाओं को सहयोग दिया है। इनमें हटिया की हजाम बस्ती में पारसनाथ पब्लिक स्कूल की स्थापना और खूंटी में एनडी ग्रोवर स्कूल की स्थापना शामिल है।

संस्था का प्रयास समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों तक शिक्षा की पहुंच बढ़ाने के साथ सामुदायिक विकास से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

करमटोली में स्मार्ट ट्रैफिक पुलिस पोस्ट का निर्माण भी इसी सामाजिक पहल का हिस्सा है। इससे एक ओर पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं दूसरी ओर सड़क पर यातायात प्रबंधन और निगरानी के काम में भी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

Share.
Next Story
चियांकि एयरपोर्ट से उड़ान शुरू कराने की पहल तेज, सांसद ने उठाया मामला
Exit mobile version