Wednesday, October 14

रांची: झारखंड के सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में रक्षाबंधन के दिन अब छुट्टी रहेगी। 28 अगस्त को स्कूल खोलने के पहले जारी आदेश में बदलाव करते हुए शिक्षा विभाग ने ‘खेलेगा भारत-जीतेगा भारत’ कार्यक्रम की तिथि एक दिन पहले कर दी है।

परियोजना निदेशक शशि रंजन ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला शिक्षा अधीक्षकों को निर्देश जारी कर कहा है कि 28 अगस्त के बजाय 27 अगस्त को ही स्कूलों में खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

28 अगस्त को रहेगी रक्षाबंधन की छुट्टी

दरअसल, इससे पहले स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह के आदेश में 28 अगस्त को रक्षाबंधन के बावजूद सुबह 9 से 10 बजे तक स्कूल खोलने का निर्देश दिया गया था। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए खेलकूद गतिविधियां आयोजित की जानी थीं।

अब नए निर्देश के बाद 28 अगस्त को स्कूलों में अवकाश रहेगा। वहीं, 27 अगस्त को ‘खेलेगा भारत-जीतेगा भारत’ अभियान के तहत खेलकूद प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।

29 और 30 अगस्त को भी होंगी गतिविधियां

केंद्र सरकार के निर्देश के अनुसार राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 28 से 30 अगस्त तक तीन दिवसीय ‘खेलेगा भारत-जीतेगा भारत’ अभियान चलाया जाना है। तिथि में बदलाव के बाद 27 अगस्त को कार्यक्रम की शुरुआत होगी, जबकि 29 और 30 अगस्त को भी निर्धारित कार्यक्रम के तहत खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

30 अगस्त को रविवार होने के बावजूद स्कूल खुले रहेंगे। हालांकि, इस दिन स्कूल खोलने के बदले शिक्षकों को क्षतिपूर्ति अवकाश मिलेगा या नहीं, इस संबंध में नए निर्देश में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

रक्षाबंधन पर स्कूल खोलने के फैसले का हुआ था विरोध

28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन स्कूल खोलने के फैसले को लेकर शिक्षकों और अभिभावकों में नाराजगी थी। खासकर सुबह 9 से 10 बजे तक स्कूल खोलने के निर्देश को लेकर आपत्ति जताई जा रही थी। अब कार्यक्रम की तारीख बदलने के बाद रक्षाबंधन के दिन स्कूलों में अवकाश रहेगा।

इसे भी पढ़े – JPSC PT विवाद पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, CBI जांच की मांग पर नोटिस

Share.
Next Story
‘तानाशाही रवैये’ से लोकतांत्रिक आवाज दबाने की कोशिश: प्रतुल शाहदेव
Exit mobile version