24 सितंबर 2026: बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी अपडेट है। प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए 27 सितंबर 2026, रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। इससे पहले 26 और 27 सितंबर को सप्ताहांत की छुट्टी होने के कारण बैंकिंग सेवाएं लगातार कई दिनों तक प्रभावित हो सकती थीं। ग्राहकों की बैंकिंग जरूरतों को देखते हुए 27 सितंबर को बैंक खोलने का फैसला लिया गया है।
RBI ने दी सभी जरूरी शाखाएं खोलने की मंजूरी
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 27 सितंबर को सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, ATM-linked शाखाओं और करेंसी चेस्ट को पूरी तरह संचालित रखने की मंजूरी दी है।
इसका मतलब है कि रविवार को भी ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग सेवाओं के लिए सरकारी बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों की शाखाओं में जाने की सुविधा मिलेगी।
लगातार छुट्टियों से बचाने के लिए उठाया कदम
सरकार के मुताबिक, इस फैसले का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने से आम लोगों की जरूरी बैंकिंग जरूरतों पर असर न पड़े।
सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से बैंक यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल को टालने की अपील भी की गई है। साथ ही, जरूरी बैंकिंग सेवाओं को बिना रुकावट जारी रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
इसे भी पढ़े – एशियन गेम्स 2026: केदारलिंग की जगह कमलजीत को क्यों मिली मिक्स्ड टीम में जगह?
