Wednesday, October 14

रांची: लगातार हो रही बारिश ने राजधानी की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। करमटोली तालाब पूरी तरह भरने के बाद ओवरफ्लो हो गया है और इसका पानी अब सड़क पर बह रहा है। सड़क पर पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

करमटोली तालाब का हाल ही में करोड़ों रुपये की लागत से सुंदरीकरण कराया गया है। तालाब को खूबसूरत बनाने और सुविधाएं बढ़ाने पर बड़ी रकम खर्च की गई, लेकिन बारिश के दौरान ओवरफ्लो पानी की निकासी की व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है।

बारिश बढ़ते ही तालाब का पानी सड़क पर पहुंच गया। ऐसे में लोगों के बीच सवाल उठ रहा है कि जब मानसून के दौरान तालाब के जलस्तर बढ़ने की संभावना पहले से रहती है, तो अतिरिक्त पानी की निकासी के लिए पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किए गए?

स्थानीय लोगों का आरोप है कि जलजमाव की समस्या को लेकर नगर निगम की ओर से भी गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। सड़क पर पानी जमा रहने से न सिर्फ आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।

राजधानी में लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। करमटोली तालाब का पानी सड़क पर आने की तस्वीरें अब इस बात का सवाल खड़ा कर रही हैं कि करोड़ों रुपये से हुए सुंदरीकरण में तालाब की खूबसूरती का तो ध्यान रखा गया, लेकिन बारिश के पानी की निकासी का कितना ख्याल रखा गया?

अब देखना होगा कि नगर निगम इस जलजमाव से लोगों को राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है और तालाब के ओवरफ्लो पानी की स्थायी निकासी के लिए क्या व्यवस्था की जाती है।

इसे भी पढ़े – झारखंड में बारिश का नया दौर, तीन जिलों में रेड अलर्ट; कई इलाकों में आंधी-वज्रपात का खतरा

Share.
Next Story
गुमला में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 लाख का इनामी JJMP सदस्य तीन साथियों संग गिरफ्तार
Exit mobile version