Wednesday, October 14

नई दिल्ली, 11 अगस्त 2026। FIH हॉकी वर्ल्ड कप बेल्जियम-नीदरलैंड्स 2026 के शुरू होने में अब महज चार दिन बाकी हैं। 15 से 30 अगस्त तक होने वाले इस टूर्नामेंट में हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली 20 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम खिताब के लिए मैदान में उतरेगी।

भारतीय टीम में अनुभव और युवा जोश का संतुलित मिश्रण है। टीम की कमान दुनिया के प्रमुख ड्रैग-फ्लिक विशेषज्ञों में शामिल हरमनप्रीत सिंह के हाथों में है। वहीं 417 अंतरराष्ट्रीय मैचों के साथ मैनप्रीत सिंह टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं और इस विश्व कप में हिस्सा लेने वाली सभी 16 टीमों में सबसे ज्यादा कैप वाले खिलाड़ी भी हैं।

गोलकीपिंग में अनुभव और युवा जोश

गोलकीपिंग की जिम्मेदारी मोहित एचएस और सूरज करकेरा संभालेंगे। 24 वर्षीय मोहित अपना पहला सीनियर वर्ल्ड कप खेलेंगे, जबकि 30 वर्षीय सूरज 89 अंतरराष्ट्रीय मैचों का अनुभव लेकर मैदान में उतरेंगे। सूरज इससे पहले दिग्गज गोलकीपर पीआर श्रीजेश के बैकअप के तौर पर भी भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं।

डिफेंस में हरमनप्रीत के साथ मजबूत विकल्प

डिफेंस में कप्तान हरमनप्रीत के अलावा जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित और यशदीप सिवाच शामिल हैं।

हरमनप्रीत के नाम 264 अंतरराष्ट्रीय मैच हैं और वे पेनल्टी कॉर्नर पर भारत के सबसे बड़े हथियारों में से एक हैं। अमित रोहिदास 244 मैचों के अनुभव के साथ डिफेंस को मजबूती देंगे, जबकि जुगराज सिंह की ड्रैग-फ्लिकिंग क्षमता भारत को पेनल्टी कॉर्नर में एक और विकल्प देती है।

यशदीप सिवाच अपना पहला वर्ल्ड कप खेलने जा रहे हैं। वह पूर्व भारतीय खिलाड़ी प्रीतम सिवाच के बेटे हैं।

मिडफील्ड में मैनप्रीत सबसे बड़ा अनुभव

भारतीय मिडफील्ड में राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालगे, हार्दिक सिंह, मैनप्रीत सिंह, नीलकांत शर्मा और विवेक सागर प्रसाद शामिल हैं।

34 वर्षीय मैनप्रीत सिंह 417 कैप के साथ टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं और अपना चौथा वर्ल्ड कप खेलेंगे। उनके अलावा हार्दिक सिंह और विवेक सागर प्रसाद मिडफील्ड में भारत के अहम खिलाड़ी होंगे।

23 वर्षीय आदित्य अर्जुन लालगे टीम के सबसे युवा खिलाड़ी हैं और अपना वर्ल्ड कप डेब्यू करेंगे।

फॉरवर्ड लाइन में गोल की जिम्मेदारी

अटैक में दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लकड़ा, सुखजीत सिंह, मनदीप सिंह और अभिषेक भारत के लिए गोल के मौके बनाने और उन्हें भुनाने की कोशिश करेंगे।

मनदीप सिंह 288 अंतरराष्ट्रीय मैचों के अनुभव के साथ भारत के सबसे अनुभवी फॉरवर्ड हैं। वे भी अपना चौथा वर्ल्ड कप खेलेंगे। वहीं अभिषेक अपनी गति, कौशल और गोल करने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं।

भारत के ग्रुप में कौन-कौन?

विश्व कप में भारत को पूल डी में रखा गया है, जहां उसके साथ इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स हैं। भारत अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ करेगा। इसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड और 19 अगस्त को पाकिस्तान से मुकाबला होगा। भारत के तीनों पूल मैच नीदरलैंड्स में खेले जाएंगे।

51 साल का इंतजार खत्म करने की चुनौती

भारत ने आखिरी बार 1975 में हॉकी वर्ल्ड कप जीता था। उस ऐतिहासिक जीत के 51 साल बाद टीम एक बार फिर विश्व कप ट्रॉफी पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरेगी।

417 कैप वाले मैनप्रीत से लेकर 13 कैप वाले युवा आदित्य लालगे तक, भारतीय टीम अनुभव और नई ऊर्जा का मिश्रण है। अब नजरें 15 अगस्त पर हैं, जब भारत वेल्स के खिलाफ अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत करेगा।

इसे भी पढ़े – नवल टाटा हॉकी चैंपियनशिप: सेमीफाइनल में NTHA, रांची, खूंटी और सिमडेगा की एंट्री

Share.
Next Story
पुरानी विधानसभा के पास फिर गरमाया माहौल, ABVP कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका
Exit mobile version